Bharat Express DD Free Dish

LG डॉ. दिनेश शर्मा का अंडमान-निकोबार द्वीप समूह पर दौरा: हॉप-ऑन हॉप-ऑफ बसों का शुभारंभ, दिए ये बड़े तोहफे

Lieutenant Governor Swaraj Dweep visit: उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा के स्वराजद्वीप दौरे पर मिलीं कई सौगातें. हॉप-ऑन हॉप-ऑफ बस सेवा शुरू, अस्पताल और स्कूल का विस्तार, सड़क के लिए ₹19 करोड़ स्वीकृत.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

पोर्ट ब्लेयर / स्वराजद्वीप: अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने स्वराजद्वीप का दो दिवसीय व्यापक दौरा प्रारंभ किया. स्वराजद्वीप पहुंचने पर हेलीपैड पर उनका पारंपरिक एवं सांस्कृतिक अंदाज में भव्य स्वागत किया गया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. अपने इस दौरे के दौरान उपराज्यपाल ने द्वीप के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा के विस्तार, पर्यटन सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा स्थानीय नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष बल दिया.

प्रशासनिक समीक्षा बैठक और समयबद्ध समाधान के निर्देश

दौरे की शुरुआत में उपराज्यपाल ने द्वीप में गतिमान विकास कार्यों, कचरा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और लंबित जनसमस्याओं के निवारण को लेकर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस नेतृत्व के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास परियोजनाओं को समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा जनता से जुड़े मामलों का पारदर्शी व नियमानुसार समाधान सुनिश्चित हो.

गोविंद नगर PHC को CHC में बदलने और नए कमरों के निर्माण का आदेश

स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर परखने के लिए उपराज्यपाल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), गोविंद नगर का सघन निरीक्षण किया. उन्होंने मरीजों से मिलकर चिकित्सा सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली. इस दौरान उपराज्यपाल ने इस केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में क्रमोन्नत करने, 40 प्रकार के परीक्षणों में सक्षम ऑटोमैटिक एनालाइजर स्थापित करने, खराब एक्स-रे मशीन की तत्काल मरम्मत कराने तथा दो साल से लंबित डीजी सेट को शुरू कराने के निर्देश दिए. साथ ही डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों के लिए 10 नए कमरों के निर्माण, आधुनिक ऑपरेशन थियेटर चालू करने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया.

स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं और बुनियादी ढांचे का विस्तार

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोविंद नगर के निरीक्षण के दौरान उपराज्यपाल ने विद्यार्थियों को अनुशासित रहकर बड़े लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने विद्यालय में 4 नए कमरों के निर्माण, शिक्षकों के आवास की मरम्मत, बैडमिंटन कोर्ट, स्कूल वैन और एक कमरे में आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्था के निर्देश दिए. साथ ही विद्यालय में वाणिज्य (कॉमर्स) संकाय शुरू करने पर सहमति जताई. इसके अलावा, राजकीय माध्यमिक विद्यालय, कृष्णा नगर में शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तीन अतिरिक्त कमरों के निर्माण का शिलान्यास भी किया गया.

पर्यटकों के लिए हॉप-ऑन हॉप-ऑफ बसें और सीपोर्ट टर्मिनल का जायजा

स्वराजद्वीप सीपोर्ट टर्मिनल के निरीक्षण के दौरान उपराज्यपाल ने यात्री सुविधाओं और पार्किंग प्रबंधों की समीक्षा की. उन्होंने बताया कि स्वराजद्वीप में नई जेट्टी निर्माण के प्रस्ताव को केंद्र सरकार से शीघ्र मंजूरी दिलाने के प्रयास जारी हैं. पर्यटकों की यात्रा को सुगम व किफायती बनाने के लिए उपराज्यपाल ने स्थानीय सांसद विष्णु पद रे की उपस्थिति में तीन वातानुकूलित ‘हॉप-ऑन हॉप-ऑफ’ बसों का शुभारंभ किया, जिससे पर्यटक एक ही टिकट पर पूरे दिन द्वीप के विभिन्न दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे. उन्होंने प्रसिद्ध ‘ब्लू फ्लैग’ प्रमाणित राधानगर बीच का भी निरीक्षण कर सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए.

जन संवाद: सड़क निर्माण के लिए ₹19 करोड़ और जल आपूर्ति योजना की सौगात

श्याम नगर के पंचायत सामुदायिक भवन में आयोजित ‘जन संवाद’ कार्यक्रम में उपराज्यपाल ने स्थानीय जनता की समस्याएं सुनीं. उन्होंने जेट्टी से कालापत्थर तथा राधानगर तक सड़क निर्माण के लिए ₹19 करोड़ की स्वीकृति, 2 मेगावाट विद्युत संयंत्र के संचालन और गोविंद नगर मछली बाजार को ₹40 लाख की लागत से आधुनिक बनाने की घोषणा की. वहीं कृष्णा नगर, श्याम नगर और विजय नगर क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 2 लाख लीटर क्षमता वाले ओवरहेड वॉटर टैंक की आधारशिला रखी. इस पूरे दौरे में सांसद विष्णु पद रे, दक्षिण अंडमान के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read