Bharat Express DD Free Dish

ईरान-अमेरिका जंग कब होगी खत्म? ट्रंप ने खुद बताई पूरी टाइमलाइन

Iran US war latest news: ईरान-अमेरिका युद्ध कब खत्म होगा? डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि संघर्ष सैन्य कार्रवाई या बातचीत से हुए समझौते के जरिए जल्द समाप्त हो सकता है.

Donald Trump On Iran

ईरान-अमेरिका जंग कब होगी खत्म

Donald Trump On Iran: ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष कब थमेगा, इसे लेकर दुनिया की नजरें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अगले कदम पर टिकी हैं. इस बीच ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ चल रही जंग बहुत जल्द खत्म हो सकती है. उन्होंने कहा कि यह संघर्ष सैन्य कार्रवाई या बातचीत के जरिए किसी समझौते पर पहुंचकर समाप्त होगा. हालांकि, उन्होंने युद्ध खत्म होने की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई.

ट्रंप प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ‘रैपिड रिस्पॉन्स 47’ ने शनिवार को राष्ट्रपति के एक साक्षात्कार का वीडियो साझा किया. इसमें ट्रंप कहते नजर आए कि ईरान के साथ जंग किसी न किसी तरह जल्द खत्म हो जाएगी. उन्होंने यह भी दोहराया कि अमेरिका नहीं चाहता कि ईरान कभी परमाणु हथियार बनाने की स्थिति में पहुंचे.

ट्रंप का दावा- ईरान की सैन्य ताकत को भारी नुकसान

साक्षात्कार के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि इस संघर्ष में अमेरिका का पूरा नियंत्रण है. उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी नौसेना अच्छा काम कर रही है. ट्रंप के मुताबिक, ईरान की नौसेना, वायु सेना और रडार सिस्टम को भारी नुकसान पहुंचा है. उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान के शीर्ष नेताओं को निशाना बनाया गया है.

ट्रंप ने कहा कि ईरान के भीतर इस समय राजनीतिक स्तर पर भी उलझन बनी हुई है. उनके मुताबिक, वहां यह तय करने में परेशानी हो रही है कि बातचीत किससे की जाए और किससे नहीं. हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि इन मुश्किलों के बावजूद संघर्ष जल्द अपने अंजाम तक पहुंचेगा.

बातचीत या सैन्य कार्रवाई, कैसे थमेगी जंग?

जब ट्रंप से पूछा गया कि युद्ध खत्म होने में कितना समय लग सकता है, तो उन्होंने किसी निश्चित समयसीमा का ऐलान नहीं किया. उन्होंने कहा कि संघर्ष का अंत लड़ाई के जरिए या बातचीत से होने वाले समझौते के माध्यम से हो सकता है. अमेरिका चाहता है कि ईरान ऐसा समझौता स्वीकार करे, जिससे वह परमाणु हथियार संपन्न देश न बन सके.

ट्रंप ने इस दौरान पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपतियों की नीतियों की आलोचना भी की. उन्होंने कहा कि अमेरिका पहले भी ईरान को ज्यादा नुकसान पहुंचा सकता था, लेकिन उसने संयम बरता. पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा का जिक्र करते हुए उन्होंने 400 मिलियन डॉलर नकद दिए जाने का दावा किया और आरोप लगाया कि इस मदद का गलत इस्तेमाल हुआ.

तेल की कीमतों पर भी दिया बयान

ट्रंप ने दावा किया कि रूस अमेरिका को तेल भेज रहा है और इससे जल्द कीमतों को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है. हालांकि, इस दावे के असर और तेल बाजार में संभावित बदलाव को लेकर उन्होंने विस्तृत जानकारी नहीं दी.


ये भी पढ़ें: ‘नौकरियां विदेश भेजी तो लगेगा भारी टैरिफ’ जेडी वेंस की कंपनियों को दो टूक चेतावनी, अमेरिका फर्स्ट नीति पर तीखे किये तेवर


इससे पहले गुरुवार, 8 अक्टूबर को ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा था कि ईरान के साथ सकारात्मक और सार्थक बातचीत चल रही है. उन्होंने मध्यावधि चुनाव से पहले सैन्य कार्रवाई नहीं करने की बात भी कही थी. अब सबकी नजर इस बात पर है कि बातचीत किसी ठोस समझौते तक पहुंचती है या संघर्ष आगे भी जारी रहता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read