Bharat Express DD Free Dish

CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके की दादी का निधन, उम्र संबंधी बीमारियों के कारण खराब चल रही थी तबीयत

महाराष्ट्र के हिंगोली से बड़ी खबर सामने आ रही है. कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फाउंडर अभिजीत दिपके की दादी का शनिवार को निधन हो गया है.

महाराष्ट्र के हिंगोली जिले से एक दुखद खबर सामने आई है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके की दादी का शनिवार को निधन हो गया. वह लंबे समय से बीमार थीं और उम्र अधिक होने के कारण पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी. उन्होंने अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी में अंतिम सांस ली. वह अभिजीत के पिता भगवानराव दिपके की मां थीं.

इस दुखद घटना के समय अभिजीत दिपके दिल्ली में हैं. बताया जा रहा है कि वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे. हालांकि, दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से उतरने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

दादी के निधन की खबर से परिवार में शोक

अभिजीत दिपके की दादी के निधन की खबर मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है. उनके माता-पिता अनिता और भगवान दिपके फिलहाल छत्रपति संभाजीनगर में हैं. जानकारी के मुताबिक, उनके घर के बाहर पुलिस तैनात है. दादी के निधन की सूचना मिलने के बाद दोनों के हिंगोली के लिए रवाना होने की खबर है.

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अभिजीत दिपके को अपने परिवार के पास जाने की अनुमति कब मिलेगी. परिवार में इस दुखद घटना के बीच वह दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं. फिलहाल, उनके हिंगोली या छत्रपति संभाजीनगर पहुंचने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.

दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस की कार्रवाई

दरअसल, शनिवार सुबह दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले पुलिस ने कार्रवाई की. CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके के अलावा पार्टी के को-कन्वीनर सौरव दास और प्रवक्ता आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिया गया. पार्टी के मुताबिक, पुलिस ने इन नेताओं को विमान के अंदर से ही हिरासत में लिया. उस समय विमान कुछ ही देर पहले इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरा था.

CJP के अनुसार, पार्टी के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने के उद्देश्य से दिल्ली आ रहे थे. इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

अभिजीत दिपके ने पुलिस से क्या कहा?

हिरासत में लिए जाने के दौरान अभिजीत दिपके ने पुलिस से कहा, “मैं यहां गिरफ्तार होने के लिए आया हूं. मुझे गिरफ्तार करो.” उनके इस बयान के बाद मामले ने और ध्यान खींचा है.

ये भी पढ़ें- सुबह-सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा गया आरा, बच्चे को स्कूल छोड़कर लौट रहे कारोबारी के सिर में मारी गोली

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read