सीएम योगी का अखिलेश यादव पर पलटवार
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से दिए गए अयोध्या से चुनाव लड़ने के सुझाव पर जवाब दिया है. बलरामपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि अगर अखिलेश उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं तो वह भी उन्हें एक प्रस्ताव देते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश भी वहां से नामांकन करें और वह भी मैदान में उतरेंगे फिर जनता के बीच किस्मत आजमा ली जाए.
अयोध्या को बताया आस्था का केंद्र
अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या उनके लिए सिर्फ एक राजनीतिक क्षेत्र नहीं बल्कि श्रद्धा और विश्वास का केंद्र है. उन्होंने कहा कि वह अयोध्या में चुनावी लाभ लेने नहीं बल्कि विकास कार्यों और धार्मिक महत्व से जुड़े कार्यक्रमों के लिए जाते हैं. मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि अयोध्या को राजनीति के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए.
अखिलेश ने दी थी चुनाव लड़ने की सलाह
दरअसल, शुक्रवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री को वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव अयोध्या से लड़ने की सलाह दी थी. बलिया में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि यदि योगी आदित्यनाथ को अयोध्या के लोगों के समर्थन पर इतना भरोसा है, तो उन्हें वहीं से चुनाव मैदान में उतरना चाहिए.
‘इसे चुनौती नहीं, सलाह समझिए’
मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया था कि उनके बयान को चुनौती के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक सुझाव था. उनका कहना था कि अगर मुख्यमंत्री को लगता है कि अयोध्या की जनता उनके साथ है और उन्होंने कहा है कि जल्द सच्चाई सामने आ जाएगी, तो उन्हें अगले चुनाव में अयोध्या से उम्मीदवार बनने पर विचार करना चाहिए.
अयोध्या के लोगों के मुद्दे भी उठाए
अखिलेश ने कहा कि अयोध्या के लोग विकास के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन उनके साथ न्यायपूर्ण व्यवहार होना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि शहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान मिल सकती थी. साथ ही उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर लगाए गए आरोपों की आलोचना करते हुए कहा कि मंदिर के बाहर बैठा भिखारी भी चढ़ावे पर हाथ नहीं डालता.
2027 में बदलाव का किया दावा
सपा प्रमुख ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि 2027 में प्रदेश की राजनीति में बदलाव देखने को मिलेगा. अखिलेश के अनुसार अयोध्या के लोगों की दुकानों, मकानों और जमीनों पर असर पड़ा, लेकिन उन्हें बाजार मूल्य के अनुसार पर्याप्त मुआवजा नहीं मिला. इसी आधार पर उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री अयोध्या को लेकर इतने आश्वस्त हैं, तो उन्हें वहीं से चुनाव लड़ना चाहिए. उनके मुताबिक यह कोई राजनीतिक चुनौती नहीं, बल्कि एक सलाह है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



