केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा
DA Hike 2026: केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए जुलाई 2026 का समय राहतभरी खबर लेकर आ सकता है. लंबे समय से महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को जल्द राहत मिल सकती है. अनुमान है कि इस बार DA में 3 से 4 प्रतिशत तक की वृद्धि की जा सकती है. अगर सरकार 4 फीसदी बढ़ोतरी पर मुहर लगाती है, तो इसका असर केवल DA तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ट्रांसपोर्ट अलाउंस (TA) में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
खासतौर पर पे-लेवल 9 और उससे ऊपर के कर्मचारियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा. X श्रेणी के शहरों में तैनात कर्मचारियों को हर महीने 360 रुपये तक अतिरिक्त TA मिल सकता है, जबकि Y और Z श्रेणी के शहरों में यह बढ़ोतरी 180 रुपये प्रति माह तक हो सकती है.
DA बढ़ोतरी का आधार क्या है?
केंद्रीय कर्मचारियों को दिया जाने वाला महंगाई भत्ता बढ़ती महंगाई के असर को संतुलित करने के उद्देश्य से तय किया जाता है. इसके लिए ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) के आंकड़ों का उपयोग किया जाता है. यह सूचकांक श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की ओर से जारी किया जाता है.
जुलाई 2026 के DA संशोधन के लिए पिछले 12 महीनों के आंकड़ों का मूल्यांकन किया गया है. इन्हीं संकेतकों के आधार पर विशेषज्ञ 3 से 4 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की संभावना जता रहे हैं. फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों को 60 प्रतिशत DA मिल रहा है. यदि बढ़ोतरी 4 फीसदी होती है तो यह बढ़कर 64 प्रतिशत तक पहुंच सकता है, जबकि 3 फीसदी वृद्धि की स्थिति में DA 63 प्रतिशत होगा.
कर्मचारी संगठनों का क्या कहना है?
ऑल इंडिया NPS एम्प्लॉइज फेडरेशन के अध्यक्ष मनजीत सिंह पटेल का मानना है कि इस बार DA में कम से कम 3 प्रतिशत और अधिकतम 4 प्रतिशत तक इजाफा हो सकता है. हालांकि अंतिम फैसला केंद्र सरकार की मंजूरी और आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा.
DA बढ़ने से TA पर कैसे पड़ेगा असर?
सातवें वेतन आयोग की व्यवस्था के अनुसार ट्रांसपोर्ट अलाउंस कर्मचारियों के वेतन स्तर और उनकी पोस्टिंग वाले शहर की श्रेणी के आधार पर तय होता है. शहरों को X, Y और Z कैटेगरी में विभाजित किया गया है. बड़े महानगरों को X श्रेणी में रखा गया है, जहां TA की दरें अपेक्षाकृत अधिक होती हैं.
मौजूदा समय में 60 प्रतिशत DA लागू होने के बाद पे-लेवल 9 और उससे ऊंचे स्तर के कर्मचारियों को बेस अलाउंस के अतिरिक्त X श्रेणी के शहरों में 4,320 रुपये तथा Y और Z श्रेणी के शहरों में 2,160 रुपये प्रति माह अतिरिक्त राशि दी जा रही है.
बड़े शहरों में कितना होगा फायदा?
अगर जुलाई 2026 से DA बढ़कर 64 प्रतिशत हो जाता है तो X श्रेणी के शहरों जैसे दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में कार्यरत कर्मचारियों का अतिरिक्त ट्रांसपोर्ट अलाउंस 4,320 रुपये से बढ़कर 4,680 रुपये प्रति माह हो सकता है.
इसका मतलब यह है कि कर्मचारियों को हर महीने 360 रुपये अधिक मिलेंगे. साल भर के हिसाब से यह अतिरिक्त राशि 4,320 रुपये तक पहुंच सकती है.
छोटे शहरों और कस्बों में क्या लाभ मिलेगा?
Y और Z श्रेणी के शहरों तथा कस्बों में नियुक्त कर्मचारियों को भी बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा. यहां TA की राशि ₹2,160 से बढ़कर 2,340 रुपये प्रति माह होने की संभावना है. यानि हर महीने 180 रुपये की अतिरिक्त आमदनी होगी. पूरे वर्ष में यह फायदा बढ़कर 2,160 रुपये तक पहुंच सकता है.
ट्रांसपोर्ट अलाउंस की मूल दरें क्या हैं?
सातवें वेतन आयोग के तहत ट्रांसपोर्ट अलाउंस की बेस दरें कर्मचारियों के पे-लेवल के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई हैं पे-लेवल 14 और उससे ऊपर के ऐसे कर्मचारी, जो कार्यालय की सरकारी कार सुविधा के पात्र हैं लेकिन उसका उपयोग नहीं करते, उन्हें 15,750 रुपये प्रति माह की निश्चित TA राशि दी जाती है. वहीं दिव्यांग कर्मचारियों को उनके पे-लेवल और शहर की श्रेणी के आधार पर सामान्य कर्मचारियों की तुलना में दोगुना ट्रांसपोर्ट अलाउंस मिलता है.
सरकार के फैसले पर टिकी हैं निगाहें
फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों की नजर सरकार की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है. DA में वास्तविक बढ़ोतरी कितनी होगी, इसका फैसला सरकार के अंतिम आदेश के बाद ही सामने आएगा.
हालांकि यदि 4 प्रतिशत DA वृद्धि को मंजूरी मिलती है, तो लाखों कर्मचारियों को केवल महंगाई भत्ते में ही नहीं बल्कि ट्रांसपोर्ट अलाउंस में भी अतिरिक्त लाभ मिलेगा. ऐसे में जुलाई 2026 की घोषणा केंद्रीय कर्मचारियों के लिए आय बढ़ाने वाली बड़ी खबर साबित हो सकती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


