भारत ने रचा इतिहास
India vs New Zealand: न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने टी20 क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज पूरा करते हुए इतिहास रच दिया. 226 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 4 विकेट रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस जीत के नायक संजू सैमसन, कप्तान श्रेयस अय्यर और अंत में विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करने वाले नमन धीर रहे. खास बात यह रही कि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत ने पहली बार 225 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल किया है.
ऑस्ट्रेलिया के रिकॉर्ड की बराबरी
इस जीत के साथ भारत ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली. टीम इंडिया अब टी20 इंटरनेशनल में 200 या उससे अधिक रन के लक्ष्य का सफल पीछा करने वाली टीमों की सूची में ऑस्ट्रेलिया के बराबर पहुंच गई है. भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ने 7-7 बार 200 प्लस स्कोर चेज किए हैं. इस मामले में दक्षिण अफ्रीका 6 सफल चेज के साथ तीसरे स्थान पर है. वहीं पाकिस्तान ने 4 बार, जबकि इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने 3-3 बार ऐसा कारनामा किया है.
संजू-अभिषेक ने रखी जीत की नींव
बड़े लक्ष्य के सामने भारत को आक्रामक शुरुआत की जरूरत थी और ओपनिंग जोड़ी ने वही किया. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने आते ही न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. दोनों बल्लेबाजों ने सिर्फ 35 गेंदों में 93 रन जोड़ दिए. संजू ने इस साझेदारी में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों पर 50 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 12 गेंदों में 29 रन ठोक दिए. हालांकि अभिषेक के आउट होने के बाद भारत को लगातार कुछ झटके लगे.
मिडिल ऑर्डर लड़खड़ाया तो कप्तान ने संभाली पारी
टीम इंडिया के लिए तिलक वर्मा ज्यादा देर टिक नहीं सके और 11 गेंदों पर सिर्फ 6 रन बना पाए. वहीं ईशान किशन भी 3 गेंदों में 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. मुश्किल समय में कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी संभाली और 28 गेंदों पर 42 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा. उनके अलावा अक्षर पटेल ने भी 14 गेंदों पर 24 उपयोगी रन जोड़े.
ये भी पढ़ें-नक्सलियों से जंग में गंवा दिया था पैर! अब एशियन पैरा गेम्स में रचा इतिहास, जीता गोल्ड
नमन धीर ने किया फिनिशर का कमाल
जब मैच आखिरी ओवरों में पहुंचा तो नमन धीर ने विस्फोटक अंदाज दिखाया. नंबर-7 पर बल्लेबाजी करने उतरे नमन ने सिर्फ 15 गेंदों में नाबाद 42 रन जड़ दिए. उन्होंने अपनी धमाकेदार पारी में 5 चौके और 2 छक्के लगाए. नमन की यह पारी उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी बन गई. उनकी मैच जिताऊ बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने लक्ष्य हासिल कर ऐतिहासिक जीत अपने नाम कर ली.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


