Israel Election Results: इजरायल के चुनावी रण में वोटों की गिनती अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है, लेकिन तस्वीर अभी भी पूरी तरह धुंधली बनी हुई है. देश में करीब 93 फीसदी वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है, जिसके बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) का राजनीतिक गुट विरोधी गठबंधन से बढ़त बनाए हुए है.
हालांकि, इस कड़े मुकाबले में किसी भी दल या गुट को संसद (क्रेसेट) में सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत का जादुई आंकड़ा हासिल होता नहीं दिख रहा है, जिससे इजरायली राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी पेच फंस गया है.
नेतन्याहू आगे लेकिन बहुमत से पीछे(Israel Election Results)
सामने आए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का दक्षिणपंथी गुट लगभग 53 सीटें जीतता हुआ नजर आ रहा है, जो कि बहुमत के लिए जरूरी 61 सीटों से काफी कम है. दूसरी तरफ, गादी आइसेनकोट (Gadi Eisenkot) के नेतृत्व वाला विपक्षी गठबंधन करीब 48 सीटों पर सिमटता दिख रहा है.
इसके अलावा, इस चुनाव में अरब पार्टियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड 19 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है, जो इस त्रिशंकु विधानसभा में किंगमेकर की भूमिका निभा सकती हैं.
5 लाख वोटों की गिनती बाकी
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि खेल अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. इजरायल में अभी भी लगभग 5 लाख ‘डबल एनवेलप’ (सुरक्षित और विशेष मतपत्र) वोटों की गिनती बाकी है. इन वोटों में मुख्य रूप से इजरायली सैनिक (IDF Soldiers), राजनयिक, कैदियों और ड्यूटियों पर तैनात कर्मचारियों के वोट शामिल हैं.
इन बचे हुए मतों के खुलने से सीटों के समीकरण में मामूली फेरबदल जरूर देखने को मिल सकता है, लेकिन जिस तरह से दोनों मुख्य खेमे बहुमत के आंकड़े से दूर हैं, उससे साफ है कि इजरायल में स्थिर सरकार के गठन के लिए लंबी और कठिन जोड़तोड़ का दौर शुरू होने वाला है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



