Milk Price Hike: कर्नाटक सरकार ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है. राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह तय किया गया कि दूध के दाम 8 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए जाएंगे. कैबिनेट बैठक के बाद राज्य के मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने इस निर्णय की जानकारी दी. नई कीमतें 1 नवंबर से लागू हो जाएंगी. सरकार का कहना है कि इस बढ़ोतरी का मकसद दूध उत्पादकों की आमदनी को मजबूत करना है.
किसानों की मांग पर लिया गया फैसला
सरकार के मुताबिक, दूध उत्पादक किसान काफी समय से कीमतें बढ़ाने की मांग कर रहे थे. बढ़ती लागत और आर्थिक दबाव के कारण किसानों ने कई बार अपनी मांग सरकार के सामने रखी थी. इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन भी हुए थे. इतना ही नहीं, विधान परिषद में विभिन्न दलों के नेताओं ने भी किसानों को राहत देने की जरूरत बताई थी. इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है.
10 रुपये बढ़ाने की थी मांग
कृष्णा बायरे गौड़ा ने बताया कि किसान संगठनों और प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री, पशुपालन मंत्री और सहकारिता मंत्री से मुलाकात कर दूध के दाम कम से कम 10 रुपये प्रति लीटर बढ़ाने की मांग रखी थी. हालांकि सरकार ने माना कि इतनी बड़ी वृद्धि करना व्यावहारिक नहीं होगा. इसके बाद कैबिनेट में विस्तृत चर्चा हुई और आखिरकार 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी पर सहमति बन गई.
अब किसानों को मिलेगा ज्यादा भुगतान
मौजूदा समय में कर्नाटक के दूध उत्पादक किसानों को औसतन 35 रुपये प्रति लीटर का भुगतान मिलता है. नए फैसले के बाद उनकी आय में 7 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी होगी. यानी अब किसानों को 42 रुपये प्रति लीटर की दर से भुगतान किया जाएगा. इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से पहले से दी जा रही 5 रुपये प्रति लीटर की प्रोत्साहन राशि भी जारी रहेगी.
ये भी पढ़ें-1 नवंबर से बदल जाएंगे कई नियम: GST से लेकर LPG, ITR और PNB कार्ड तक, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर
उपभोक्ताओं की जेब पर भी पड़ेगा असर
सरकारी सहायता राशि को जोड़ने पर किसानों को कुल 47 रुपये प्रति लीटर का लाभ मिलेगा. सरकार का दावा है कि इस फैसले से राज्य के लाखों किसान परिवारों की आय बढ़ेगी और उन्हें वित्तीय राहत मिलेगी. हालांकि दूध के बढ़े हुए दामों का असर ग्राहकों पर कितना पड़ेगा, यह अलग-अलग डेयरी ब्रांड और उनकी नई रिटेल कीमतों पर निर्भर करेगा. 1 नवंबर के बाद उपभोक्ताओं को दूध खरीदने के लिए पहले के मुकाबले अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



