Tarbela Dam Accident: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सिंधु नदी पर चल रही ‘तरबेला 5वें विस्तार जलविद्युत परियोजना’ में सोमवार को एक गंभीर घटना सामने आई. परियोजना स्थल पर काम के दौरान चट्टान का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया. इसके बाद बांध का पानी सुरंग के जरिए उस हिस्से तक पहुंच गया, जहां पावर प्लांट का निर्माण कार्य चल रहा था. उस समय बड़ी संख्या में पाकिस्तानी और चीनी कर्मचारी मौके पर मौजूद थे.
सुरंग के रास्ते पावरहाउस क्षेत्र तक पहुंचा पानी
जानकारी के मुताबिक, 316 अरब डॉलर की लागत वाली इस परियोजना के तहत खुदाई का कार्य जारी था. इसी दौरान चट्टानों के धंसने की वजह से बांध का पानी सुरंग प्रणाली में प्रवेश कर गया. पानी इनटेक पिट से गुजरते हुए सीधे पावरहाउस वाले हिस्से तक पहुंच गया. वहां मजदूरों और इंजीनियरों की मौजूदगी के कारण स्थिति कुछ समय के लिए बेहद चिंताजनक हो गई.
आपात स्थिति में खाली कराया गया इलाका
पानी का बहाव अचानक बढ़ने के बाद अधिकारियों ने तुरंत सुरक्षा उपाय लागू किए. मौके पर मौजूद सभी कर्मचारियों को तेजी से बाहर निकाला गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. हालांकि सुरक्षा कारणों से ‘तरबेला 5वें विस्तार परियोजना’ का निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
WAPDA ने हादसे की पुष्टि की
पाकिस्तान के जल एवं विद्युत विकास प्राधिकरण (WAPDA) ने आधिकारिक तौर पर इस घटना की पुष्टि की है. प्राधिकरण के अनुसार, 9 नवंबर को खुदाई के दौरान चट्टान का हिस्सा गिरने से बांध का पानी बढ़े हुए दबाव के साथ इनटेक पिट में पहुंच गया. इसके बाद पानी सुरंग संख्या-5 और पावरहाउस के निर्माण क्षेत्र की ओर बहने लगा.
बहते मजदूर को भी बचाया गया
WAPDA ने बताया कि मौके पर मौजूद सभी स्थानीय और विदेशी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. पानी के तेज बहाव में फंसे एक पाकिस्तानी मजदूर को भी सफलतापूर्वक बचा लिया गया. घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारी, परियोजना इंजीनियर और ठेकेदार स्थिति का आकलन कर रहे हैं. प्राधिकरण ने सुरंग ढहने की खबरों को गलत बताते हुए कहा कि मुख्य सुरंग, निर्माणाधीन पावरहाउस, टेलरेस कलवर्ट और स्विचयार्ड को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. जिला प्रशासन ने भी साफ किया है कि निचले इलाकों में बाढ़ या जलभराव का फिलहाल कोई खतरा नहीं है.
ये भी पढ़ें-ईरान ने ट्रंप को सुना दिया साफ-साफ, पहले शर्तें पूरी करो, फिर होगी टेबल पर बात
चीन की कंपनी को मिला है निर्माण कार्य
मई 2021 में WAPDA ने इस परियोजना के सिविल निर्माण का अनुबंध चीन की ‘पावर कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन ऑफ चाइना लिमिटेड’ को 354.6 मिलियन डॉलर में दिया था. पूरी परियोजना की स्वीकृत लागत 807 मिलियन डॉलर है. इसके लिए विश्व बैंक 390 मिलियन डॉलर और एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (AIIB) 300 मिलियन डॉलर की आर्थिक सहायता प्रदान कर रहे हैं. अब इस हादसे के बाद परियोजना की प्रगति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





