Lucknow Chhath Puja 2026 Preparation
Lucknow Chhath Puja 2026 Preparation: छठ पूजा के पावन पर्व को लेकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के लिए लखनऊ नगर निगम ने गोमती नदी के 110 घाटों पर विशेष इंतजाम किए हैं. नगर निगम के सभी आठ जोनों में आने वाले 47 प्रमुख और 63 छोटे घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सजावट और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है. योगी सरकार की मंशा के अनुरूप इस बार छठ पूजा को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ जीरो वेस्ट तरीके से मनाने की तैयारी है.
110 घाटों पर सफाई और सजावट, रोशनी के भी इंतजाम
नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम की टीमों ने सभी घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की हैं. प्रमुख घाटों पर रंगाई-पुताई, विशेष साफ-सफाई, लाइटिंग और झालरों से सजावट कराई गई है. इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए गए हैं.
छोटे घाटों पर भी सफाई और सजावट का काम कराया गया है. पूजा के दौरान लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए घाटों पर पानी के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी की गई है. व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए सभी घाटों पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं.
पूजा सामग्री के लिए अर्पण कलश, जीरो वेस्ट पर जोर
छठ पूजा के दौरान नदियों और जलाशयों को प्रदूषण से बचाने के लिए नगर निगम ने विशेष पहल की है. इसके तहत प्रत्येक घाट पर अर्पण कलश स्थापित किए गए हैं. श्रद्धालु पूजा के बाद फूल, माला और अन्य पूजन सामग्री को नदी में प्रवाहित करने के बजाय इन निर्धारित कलशों में डाल सकेंगे.
इसके साथ ही घाटों पर सफाई मित्रों की तैनाती की गई है, जो पूजा के दौरान निकलने वाले कचरे को एकत्र करने और उसका उचित निस्तारण करने की जिम्मेदारी संभालेंगे. नगर निगम का उद्देश्य छठ पूजा को जीरो वेस्ट पर्व के रूप में आयोजित करना है, ताकि धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा सके.
लखनऊ के आठों जोन में इन घाटों पर विशेष व्यवस्था
नगर निगम ने शहर के सभी आठ जोनों में स्थित प्रमुख छठ घाटों पर विशेष तैयारियां की हैं.
जोन-1: लक्ष्मण मेला घाट और लल्लूमल घाट.
जोन-2: लेटे हनुमान मंदिर घाट.
जोन-3: बैरल नंबर-2, सांझिया घाट और झूलेलाल घाट.
जोन-4: गोमती नगर विस्तार.
जोन-5: स्कूटर इंडिया और गौरी बाजार.
जोन-6: कुड़िया घाट और मेहंदी घाट.
जोन-7: कुकरैल घाट.
जोन-8: सैनिक स्कूल बोटिंग क्लब घाट.
स्वच्छता और सुरक्षा के साथ छठ पूजा कराने की तैयारी
नगर निगम का कहना है कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. इसके लिए सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है.
नगर निगम की कोशिश है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के छठ पर्व मना सकें. साथ ही पूजा सामग्री और कचरे के उचित निस्तारण के जरिए गोमती नदी को स्वच्छ रखने में भी लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके. इस बार छठ पूजा के आयोजन को धार्मिक परंपरा के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


