मेरठ में 2913 करोड़ का अमेरिकी प्लांट
UP News: मेरठ में उद्योग के क्षेत्र में एक बड़ी शुरुआत हुई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए अमेरिकी कंपनी बॉल कॉरपोरेशन के नए एल्युमिनियम कैन प्लांट की आधारशिला रखी. करीब 2913 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाला यह प्रोजेक्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है.
गंगा एक्सप्रेसवे किनारे बनेगा आधुनिक प्लांट
यह फैक्ट्री मेरठ के हापुड़ रोड स्थित बिजौली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के पास स्थापित की जाएगी. प्लांट के लिए लगभग 16 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराई गई है. यूपीडा ने कंपनी को यह जमीन 90 साल की लीज पर दी है. यहां कोल्ड ड्रिंक, बीयर और एनर्जी ड्रिंक में इस्तेमाल होने वाले एल्युमिनियम कैन तैयार किए जाएंगे. कंपनी की योजना वर्ष 2029 तक उत्पादन शुरू करने की है.
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान मेरठ से सांसद अरुण गोविल ने कहा कि यह परियोजना केवल एक उद्योग नहीं बल्कि क्षेत्र के युवाओं के भविष्य को मजबूत करने वाली पहल है. उन्होंने कहा कि लंबे समय से लोग विकास और रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद कर रहे थे, जिसकी अब मजबूत शुरुआत हो गई है. गोविल ने कंपनी प्रबंधन से आग्रह किया कि भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाए ताकि उन्हें अपने ही जिले में रोजगार मिल सके.
निवेश से बदलेगी मेरठ की तस्वीर
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि मेरठ अब सिर्फ ऐतिहासिक और क्रांतिकारी नगरी ही नहीं, बल्कि औद्योगिक विकास का भी केंद्र बनता जा रहा है. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बेहतर सड़क नेटवर्क, एक्सप्रेसवे और मजबूत कानून व्यवस्था के कारण निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है और बड़ी कंपनियां उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही हैं.
तीसरे प्लांट के लिए मेरठ का चयन
राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने इस अवसर को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया. बॉल कॉरपोरेशन के भारत में पहले से महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में दो प्लांट संचालित हैं. मेरठ में स्थापित होने वाला यह कंपनी का देश में तीसरा यूनिट होगा. इस परियोजना से परिवहन, व्यापार और दूसरे सहायक उद्योगों को भी लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है.
ये भी पढ़ें-जहूराबाद छोड़ अकबरपुर क्यों पहुंचे ओपी राजभर? बेटे की एंट्री और नए सियासी दांव ने बढ़ाई चर्चा
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
शिलान्यास और भूमि पूजन कार्यक्रम में सांसद अरुण गोविल, राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी अश्वनी त्यागी, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी और जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




