Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

मोहम्मद शमी की राजनीति में एंट्री की अटकलें तेज, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से की मुलाकात; अमरोहा से चुनाव लड़ने की चर्चा

Mohammed Shami BJP News: भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की, जिसके बाद उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं. चर्चा है कि बीजेपी शमी को अल्पसंख्यक मोर्चे में बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है और अमरोहा विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतार सकती है.

Mohammed Shami BJP News

Mohammed Shami BJP News

Mohammed Shami BJP News: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनका क्रिकेट नहीं, बल्कि राजनीति में संभावित प्रवेश है. खबरों के मुताबिक, मोहम्मद शमी ने दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की है. इस मुलाकात के बाद उनके भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं. हालांकि, शमी या बीजेपी की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

नितिन नबीन से मुलाकात के बाद बढ़ीं चर्चाएं

जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद शमी और नितिन नबीन के बीच यह मुलाकात बीती रात दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष के कार्यालय में हुई. इस मुलाकात की व्यवस्था बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चे के अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने कराई थी. इसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है कि शमी जल्द ही बीजेपी का दामन थाम सकते हैं. इतना ही नहीं, अटकलें लगाई जा रही हैं कि बीजेपी उन्हें अल्पसंख्यक मोर्चे में कोई बड़ी जिम्मेदारी भी दे सकती है. पार्टी उनके लोकप्रिय चेहरे और खेल जगत में उनकी पहचान का राजनीतिक रूप से इस्तेमाल कर सकती है. हालांकि, इन चर्चाओं की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

अमरोहा से विधानसभा चुनाव लड़ने की भी चर्चा

मोहम्मद शमी के राजनीति में आने की अटकलों के बीच उनके चुनाव लड़ने को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं. खबरों के अनुसार, बीजेपी उन्हें उत्तर प्रदेश की अमरोहा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है. गौरतलब है कि अमरोहा मोहम्मद शमी का गृह जिला है. ऐसे में स्थानीय स्तर पर उनकी लोकप्रियता को देखते हुए इस संभावना पर चर्चा हो रही है. हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि शमी वास्तव में चुनावी राजनीति में उतरने की तैयारी कर रहे हैं या नितिन नबीन के साथ उनकी मुलाकात किसी अन्य उद्देश्य से हुई थी.

टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद नई पारी की तैयारी?

गौरतलब है कि मोहम्मद शमी ने 6 नवंबर को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया था. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने फैसले की जानकारी दी थी. शमी ने लिखा था, ‘मैं सफेद जर्सी तो छोड़ रहा हूं, लेकिन उससे जुड़ी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी.’ उन्होंने बताया कि भारत की टेस्ट जर्सी पहनना उनके लिए एक सपना था और इस सफर में हर विकेट, संघर्ष, चोट और वापसी ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया.

36 वर्षीय शमी ने अपने साथियों, कोच, परिवार और प्रशंसकों का भी आभार जताया था. अब टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद उनके राजनीतिक सफर को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. ऐसे में सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि क्या शमी क्रिकेट के मैदान के बाद राजनीति के मैदान में भी नई पारी शुरू करेंगे.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism