Chicken omelette party viral video
Chicken omelette party viral video: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बेहद मजेदार और हैरान कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मुर्गियों का अनोखा व्यवहार लोगों का ध्यान खींच रहा है. वीडियो में एक महिला अपनी मुर्गियों को अंडे की भुर्जी बनाकर खिलाती नजर आती है, जिसे देखकर लोग पहले तो चौंक जाते हैं और फिर हंसी से लोटपोट हो जाते हैं.
मुर्गियों का ‘ऑमलेट पार्टी’ वीडियो वायरल
वीडियो में महिला ताजे अंडों को फोड़कर उनकी भुर्जी तैयार करती है. खास बात यह है कि वह अंडों के छिलकों को भी उसी भुर्जी में मिला देती है. इसके बाद वह अंडा भुर्जी प्लेट में भरकर मुर्गियों के सामने रख देती है. जैसे ही प्लेट रखी जाती है, मुर्गियां झुंड बनाकर उस पर टूट पड़ती हैं और कुछ ही पलों में पूरी प्लेट साफ कर देती हैं. कुछ मुर्गियां तो खाना लेकर इधर-उधर भागती भी नजर आती हैं, जिससे दृश्य और भी मजेदार हो जाता है.
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने किए मजेदार कमेंट
वीडियो बनाने वाली महिला का कहना है कि अंडा प्रोटीन और पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत है, इसलिए वह अपनी मुर्गियों को यह पौष्टिक आहार देती है. उसके अनुसार इससे मुर्गियों की सेहत बेहतर रहती है और उनकी उत्पादकता भी बढ़ती है. हालांकि, यह वीडियो इंटरनेट पर अलग-अलग प्रतिक्रियाओं का कारण बन गया है. कई यूजर्स इसे बेहद मजेदार बता रहे हैं. किसी ने कमेंट किया, “ये मुर्गियां तो पूरी नॉन-वेजिटेरियन निकलीं,” तो किसी ने लिखा, “अपने ही बच्चों को खा रही हैं, कैनिबल मुर्गियां।” वहीं कुछ लोग इसे नैतिक रूप से अजीब और असहज करने वाला भी बता रहे हैं.
View this post on Instagram
जानें मुर्गियां क्यों खाती हैं अपने ही अंडे
पोल्ट्री विशेषज्ञों के अनुसार, मुर्गियों में इस तरह का व्यवहार असामान्य नहीं है इसे “Egg Eating Behavior” कहा जाता है, जिसमें मुर्गियां अपने ही अंडे खा सकती हैं. इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे प्रोटीन या कैल्शियम की कमी, तनाव, बोरियत, गर्मी या जगह की कमी. विशेषज्ञ बताते हैं कि अंडे के छिलके कैल्शियम का अच्छा स्रोत होते हैं, जो मुर्गियों की हड्डियों और अंडा उत्पादन के लिए जरूरी होता है. कई पोल्ट्री फार्म में तो जानबूझकर मुर्गियों को अंडे का छिलका या प्रोसेस्ड अंडा आहार के रूप में दिया जाता है ताकि उनकी सेहत बेहतर रहे. लेकिन आम लोगों के लिए यह दृश्य काफी अजीब और चौंकाने वाला है. यही वजह है कि यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

