गूगल मैप्स ने बताई गलत लोकेशन
Google Maps Glitch In Saharanpur: क्या नेविगेशन के लिए गूगल मैप्स पर आपका भरोसा अब भी उतना ही है? उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में हुई एक घटना ने एक बार फिर इस सवाल को उठा दिया है. एक छात्र नेता और उनके तीन दोस्त मेरठ से अंबाला जा रहे थे, लेकिन गूगल मैप्स के दिखाए गए रास्ते पर चलते हुए उनकी कार अचानक एक पानी से भरे गहरे गड्ढे में समा गई. यह कोई पहली बार नहीं है जब गूगल मैप्स के कारण ऐसा कोई हादसा हुआ हो. आखिर क्यों यह लोकप्रिय ऐप बार-बार गलत रास्ते दिखा रहा है और क्या इसके कारण हुई दुर्घटनाओं के लिए कोई जिम्मेदार है?
मार्कंडेय दर्शन के लिए निकले थे दोस्त
मेरठ से अंबाला के शाहबाद स्थित महर्षि मार्कंडेय मंदिर दर्शन के लिए निकले चारों युवक सहारनपुर से आगे बढ़ते ही गलत रास्ते पर चले गए. कार चला रहे आदित्य ने गूगल मैप (Google Maps) पर लोकेशन डाली और अंबाला रोड पर सिरोही पैलेस से आगे मैप के बताए रास्ते पर जैसे ही कार मोड़ी, वाहन अचानक पानी से भरे गहरे गड्ढे में समा गया.
सहारनपुर में गूगल मैप की गलती चार छात्रों की जान पर भारी पड़ गई। मेरठ से अंबाला दर्शन के लिए निकले छात्रों की कार मैप के बताए रास्ते पर पानी से भरे गहरे गड्ढे में समा गई। गनीमत रही कि सभी छात्र समय रहते कार से बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई। #GoogleMapsError #SaharanpurAccident… pic.twitter.com/g3NLZIgYAX
— Bharat Express (@BhaaratExpress) August 21, 2025
जान बचाने की कोशिश
देखते ही देखते कार पूरी तरह पानी में डूब गई. संकट की इस घड़ी में कार सवार सूर्या, आदित्य, अनुज और आशुतोष ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने दरवाजा खोलकर किसी तरह बाहर निकलकर कार की छत पर शरण ली और लोगों को मदद के लिए आवाज देने लगे. उनकी आवाज सुनकर राहगीर और पुलिस मौके पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया. बाद में ट्रैक्टर की मदद से डूबी हुई कार को भी बाहर खींच लिया गया.
ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान बोले CJI गवई- ‘सक्रियता, आतंकवाद नहीं बनना चाहिए’
एसडीएम और थाना अध्यक्ष का बयान
एसडीएम सुबोध कुमार व थाना अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि चारों युवक सकुशल हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई. गूगल मैप के द्वारा रास्ता भटक जाने के कारण उनकी कार गलत दिशा में चली गई थी, जो पानी भरे तालाब में जा गिरी.
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
इससे पहले भी जिले में गूगल मैप (Google Maps) के कारण वाहन सवार भटककर दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं. कई लोग गलत दिशा में चले जाते हैं और हादसों से दो-चार हो चुके हैं. वहीं देश में गुगल मैप के कारण कई बड़े हादसे सामने आ चुके हैं. कभी गाड़ी आधे बने पुल में चली जाती है तो कभी खास के करीब पहुंच जाती है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




