5G का सिग्नल नहीं मिला तो गुस्साए ग्रामीणों ने कर्मचारी को ही बना दिया 'इंसानी टावर'.
UP News: कहते हैं कि जब सब्र का बांध टूटता है, तो इंसान कुछ भी कर गुजरता है! ऐसा ही एक अनोखा और अजब-गजब वाकया सामने आया है उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से, जहां 5G नेटवर्क के चक्कर में ग्रामीणों का ऐसा दिमाग घूमा कि उन्होंने समस्या सुलझाने आए कर्मचारी को ही टावर का हिस्सा बना दिया.
फतेहपुर के हरदौली गांव में 2 साल से 5G सिग्नल न मिलने से भड़के ग्रामीणों ने एक अनोखा कारनामा कर दिखाया. गांव में टावर की खराबी जांचने पहुंचे Jio कर्मचारी को ही पकड़कर टावर से बांध दिया. ‘नेटवर्क सत्याग्रह’ का यह अजब-गजब तरीका अब इंटरनेट पर छाया हुआ है.
5G सिग्नल के लिए तरस गए गांव वाले
मामला फतेहपुर जिले के हरदौली गांव का है, जहां पिछले दो सालों से लोग मोबाइल हाथ में लेकर 5G सिग्नल के ‘दर्शन’ करने को तरस रहे थे. गांव वाले कभी छत पर चढ़ते तो कभी पेड़ पर, लेकिन सिग्नल था कि मिलने का नाम ही नहीं ले रहा था. बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई ठप थी, Google Pay पर ‘सर्किल’ घूम-घूमकर थक जाता और कॉल ऐसे कटती जैसे कोई बिन बुलाए मेहमान का फोन काट दे! हर बार शिकायत करने पर कंपनी से बस ‘धैर्य रखें’ की सांत्वना ही मिलती थी.
फतेहपुर — मोबाइल पर 5G नेटवर्क न आने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा।
टॉवर कर्मचारी को ग्रामीणों ने बनाया बंधक, 02 साल से नेटवर्क की समस्या से परेशान हैं ग्रामीण।
सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी, बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव का बताया जा रहा वायरल वीडियो pic.twitter.com/SJ8q8RlJBa
— Vineet G 🇮🇳 (@aapka_vineet) September 11, 2026
कर्मचारी आया सिग्नल ठीक करने, बन गया ‘इंसानी टावर’
इसी बीच, नेटवर्क की शिकायत दूर करने के लिए बेचारा जियो का एक कर्मचारी सीधे गांव के टावर पर पहुंच गया. अब कर्मचारी साहब तो आए थे सिग्नल सुधारने, लेकिन गांव वालों ने देखा तो उनका ‘पारा 5G की स्पीड’ से हाई हो गया. फिर क्या था! ग्रामीणों ने कर्मचारी साहब को घेरा, रस्सी निकाली और उन्हें सीधे टावर के खंभे से ही बांध दिया. ग्रामीणों का अजब-गजब तर्क था ‘जब तक मोबाइल में नेटवर्क का सिग्नल नहीं आएगा, तब तक हमारे ये ‘इंसानी सिग्नल’ यहीं बंधे रहेंगे!’
5G आया या नहीं, खबर हो गई वायरल
घटना के बाद गांव में तमाशा देखने वालों की भारी भीड़ लग गई और इस ‘अनोखे सत्याग्रह’ के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे. वैसे तरीका तो पूरी तरह गैर-कानूनी था, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन को मामले में दखल देना पड़ा. अब सवाल यह है कि कर्मचारी को टावर से बांधने के बाद गांव में 5G की स्पीड आई या नहीं, यह तो पता नहीं… लेकिन गांव वालों का यह कारनामा पूरे देश में ‘हाई-स्पीड’ से वायरल जरूर हो गया.
यह भी पढ़ें- गड्ढे ने रोका यमराज का रास्ता: श्मशान जा रही थी एम्बुलेंस, रास्ते में हुआ कुछ ऐसा कि जिंदा हो गया मृत शख्स
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

