Bharat Express DD Free Dish

पेट्रोल पंप पर खतरनाक हरकत! सिगरेट पीने से किया मना तो दोस्त ने बाइक में लगा दी आग

रायपुर के उरला पेट्रोल पंप पर सिगरेट को लेकर बहस के बाद युवक ने पेट्रोल नोजल में आग लगा दी. कर्मचारी की सूझबूझ से आग पर काबू पाया गया, दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया..

Raipur petrol pump fire incident: छत्तीसगढ़ के रायपुर के उरला इलाके में एक पेट्रोल पंप पर छोटी सी नोकझोंक बड़े हादसे में तब्दील होने से बाल-बाल बची. हुआ यूं कि पेट्रोल भरवाते वक्त दोस्त को सिगरेट पीने से मना करने पर उसने पेट्रोल नोजल में आग लगा दी. जिससे गाड़ी और पेट्रोल रिफिल मशीन में आग लग गई, हालांकि पंप कर्मचारी की सूझबूझ से आग बुझा ली गई. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा.

जानिए क्या है पूरा मामला?

दरअसल 18 फरवरी की शाम इमरान नामक युवक अपने मित्र धर्मेंद्र क्षत्री के साथ बाइक पर पेट्रोल भरवाने पहुंचा था. पेट्रोल भरते वक्त धर्मेंद्र ने सिगरेट जला ली. इमरान ने उसे रोका तो धर्मेंद्र ने गुस्से में लाइटर से बाइक की टैंक में लगा पेट्रोल नोजल ही जला दिया. जिसके बाद आग भड़क गई और गाड़ी से लेकर रिफिल मशीन तक में आग लग गई.

पंप कर्मचारी की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना

पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारी ने तुरंत रिफिल मशीन का सप्लाई बंद कर दिया. साथ ही आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया. आग पर काबू पा लिया गया और बड़ी दुर्घटना टल गई. वहीं अगर कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचते तो पूरा पेट्रोल पंप जल सकता था. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग कर्मचारी की बहादुरी की तारीफ कर रहे हैं और धर्मेंद्र की लापरवाही पर नाराजगी जता रहे हैं.

यह भी पढ़ें: AI कंटेंट पर अब लेबल अनिवार्य! नए IT नियम लागू, जानें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के लिए क्या बदला?

दोनों दोस्तों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

पंप मैनेजर ने दोनों युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने धर्मेंद्र और इमरान दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. मामला उरला थाने में दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि धर्मेंद्र पर लापरवाही से आग लगाने और पब्लिक प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया गया है. जांच में पता चला कि दोनों दोस्त पहले से ही सिगरेट को लेकर बहस कर रहे थे, जिसके बाद धर्मेंद्र ने गुस्से में नोजल पर आग लगा दी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read