एक आम दिन की तरह 16 फरवरी 2026 को सारे काम निपटाकर मैं रील स्क्रॉल कर रही थी, तभी रात करीब 10 बजे मेरे फोन की घंटी बजी. स्क्रीन पर लिखा था – ‘Boss Calling’. मेरे बॉस यानी भारत एक्सप्रेस के CMD और एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय जी. वो उन दिनों लंदन में थे. जाहिर सी बात थी कि लंदन से उनका फोन किसी खास काम के लिए ही आया होगा. मैंने तुरंत फोन उठाया.
दूसरी तरफ उनकी आवाज में खुशी थी, गर्मजोशी थी और उससे कहीं ज्यादा एक अलग तरह का उत्साह था, जैसे वे लगभग एक ही सांस में पूरी कहानी बयां कर देना चाहते हों, “पूजा, मेरे लंदन में एक अति प्रिय दोस्त हैं अंशुल नागर. उनकी बेटी… सोचो ना, सिर्फ 21 साल की है.. लंदन में पढ़ी है और हमारे नीम करौली बाबा के जीवन पर फिल्म बना रही है. पूजा, मैं तुम्हें अंशुल का नंबर दे रहा हूं. ये लोग भारत आ रहे हैं. इस फिल्म के प्रचार में कोई कसर नहीं छूटनी चाहिए. भारत एक्सप्रेस की एक टीम लगा दो इनके साथ, ताकि नीम करौली बाबा के आश्रम के सामने से फिल्म से जुड़े लोगों के इंटरव्यू हो सकें.”

फिर उनकी आवाज में वही उत्साह और बढ़ गया, “बताओ, सुनकर मन खुश हो गया कि इतनी छोटी बच्ची के दिमाग में ये आइडिया कैसे आया और कैसे वो इसे प्रोड्यूस करने के लिए तैयार हुई! हमें इस फिल्म को प्रमोट करने में जान लगा देनी है.”
उनकी एक्साइटमेंट ने मेरे चेहरे पर भी मुस्कान ला दी. क्योंकि कहीं न कहीं हम सभी को नीम करौली बाबा से एक अलग तरह का जुड़ाव महसूस होता है. बाबा का नाम आते ही मन में एक विश्वास, एक शांति और एक अनकहा-सा अपनापन उतर आता है. उपेंद्र सर की आवाज में भी बाबा की फिल्म को लेकर वही अपनापन और जुड़ाव था.

फिर क्या था… 17 फरवरी को फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर दिल्ली लैंड करीं. और अगले ही दिन, 18 फरवरी को भारत एक्सप्रेस ने ‘हनुमान अंश’ का पहला इंटरव्यू किया. सबसे पहला इंटरव्यू, जब शायद किसी को अंदाजा भी नहीं था कि अगले 6 महीने में ये फिल्म भारत में कई इतिहास एक साथ लिखने जा रही है.
लेकिन यह कोई सामान्य इंटरव्यू नहीं था. लोकेशन थी – कैंची धाम. एक तरफ नीम करौली बाबा का आश्रम, दूसरी तरफ पहाड़ों के बीच बहती पवित्र नदी… और उसी पवित्र वातावरण में सामने थीं फिल्म की युवा और डायनेमिक निर्माता अनुप्रिया नागर. साथ में निर्माता रागिनी, नम्रता सिंह और फिल्म के निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी. उनके हाथों में था ‘हनुमान अंश’ का पोस्टर और आंखों में उस कहानी को दुनिया तक पहुंचाने का सपना. मुझे आज भी लगता है कि उस दिन सिर्फ इंटरव्यू नहीं हुआ था. उस दिन बाबा ने इस फिल्म पर अपना आशीर्वाद बरसा दिया था.

फिल्म से जुड़े लोगों ने भारत एक्सप्रेस को बताया कि आखिर नीम करौली बाबा के जीवन और उनके संदेश को पर्दे पर उतारने की कहानी कैसे शुरू हुई, क्या समस्याएं आईं और कैसे कुछ ही समय में उन समस्याओं का समाधान भी निकल गया. जब मैंने उस इंटरव्यू को देखा, तो मन में एक बात साफ हुई कि ‘हनुमान अंश’ सिर्फ एक फिल्म बनाने की कोशिश नहीं थी, बल्कि श्रद्धा से जुड़ी एक यात्रा थी.
लेकिन जैसा उपेंद्र सर ने निर्देश दिया था, भारत एक्सप्रेस का मकसद ‘हनुमान अंश’ की कहानी को घर-घर तक पहुंचाना था. कैंची धाम में बाबा का आशीर्वाद लेने के बाद भारत एक्सप्रेस की टीम फिल्म मेकर्स के साथ अपने अगले पड़ाव की ओर निकल चुकी थी. अब मंजिल थी, वृंदावन… वही वृंदावन, जहां नीम करौली बाबा ने अपनी अंतिम सांसों के साथ इस संसार से विदाई ली और परममोक्ष की ओर प्रस्थान किया.

और वहां जाना भी क्यों न होता? क्योंकि नीम करौली बाबा की पुत्री गिरिजा मां भी इस फिल्म का पोस्टर देखने का इंतजार कर रही थीं. जब पहली बार गिरिजा मां के सामने ‘हनुमान अंश’ का पोस्टर रखा गया, तो उनकी आंखों में भावनाओं का सैलाब उमड़ आया. उन्होंने पूरी टीम को भर-भरकर आशीर्वाद दिया. आज वह इस फिल्म को करीब 15 बार देख चुकी हैं. हर बार फिल्म देखते हुए वह भावुक हो जाती हैं. लेकिन उस दिन की भावुकता कुछ और थी, क्योंकि वह पहली बार था जब उन्होंने फिल्म के पोस्टर को देखा था, जिसे बाबा के जीवन और उनके संदेश को समर्पित करके बनाया गया था.
जब किसी के लिए दिल से आशीर्वाद निकलता है, तो उसमें एक अलग ही शक्ति होती है. आज जब मैं यह आर्टिकल लिख रही हूं, तब हनुमान अंश दुनियाभर में तहलका मचाकर करीब 450.68 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है, धुरंधर जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ चुकी है. कई बड़ी बजट की फिल्में इसके सामने आईं और चली गईं, लेकिन हनुमान अंश हर हफ्ते थिएटरों में अपनी जगह बनाए हुए है.

हनुमान अंश से भारत एक्सप्रेस उस समय जुड़ा था, जब फिल्म की सफलता की कोई चर्चा नहीं थी. किसी को अंदाजा तक नहीं था कि आने वाले समय में ‘हनुमान अंश’ इतनी बड़ी पहचान बनाएगी. हमारे लिए यह सिर्फ एक फिल्म नहीं थी. यह उस विश्वास की कहानी थी, जिसने एक 21 साल की युवा लड़की को इतनी बड़ी जिम्मेदारी उठाने का साहस दिया. यह रागिनी, नम्रता सिंह और निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी सहित पूरी टीम की उस मेहनत की कहानी थी, जिसने इस विचार को सिनेमा का रूप दिया. ये हनी बक्शी, पूर्णिमा तिवारी, के. आनंद समेत उन सभी कलाकारों की भी कहानी थी, जिन्होंने अपनी भूमिका से पर्दे पर जान डाल दी. ये सुनील लोधी की कहानी भी थी, जिसने ‘तेरी ही सहारे…’ गीत गाकर फिल्म की नैया को मंजिल तक पहुंचा दिया.
और कहीं न कहीं यह उस विश्वास की भी कहानी थी, जो उपेंद्र राय सर ने पहली बातचीत में ही इस फिल्म और उसकी युवा निर्माता में देख लिया था. 16 फरवरी की रात लंदन से आया उनका फोन शायद सिर्फ एक असाइनमेंट नहीं था. वह एक ऐसी यात्रा की शुरुआत थी, जिसके पहले कदम कैंची धाम में पड़े, जिसे वृंदावन में आशीर्वाद मिला और जिसने आगे चलकर सफलता की एक खूबसूरत कहानी लिखी.

आज पीछे मुड़कर देखती हूं तो लगता है, भारत एक्सप्रेस मीडिया पार्टनर के रूप में ‘हनुमान अंश’ के साथ तब साथ चला था, जब उसकी सफलता का कोई शोर नहीं था. शायद इसलिए इस कहानी से हमारा रिश्ता भी थोड़ा अलग है. क्योंकि हमने सिर्फ मीडिया पार्टनर के नाते एक फिल्म को कवर नहीं किया था, हमने एक सपने को उसके जन्म से देखा था.
उपेंद्र राय सर का विश्वास, अंशुल नागर का अपनी बेटी पर भरोसा, अनुप्रिया नागर का साहस और पूरी टीम की श्रद्धा, इन सबने मिलकर ‘हनुमान अंश’ की कहानी को एक फिल्म से कहीं आगे पहुंचा दिया. कभी-कभी इतिहास बनने से पहले उसके छोटे-छोटे प्रयासों की कहानी जाननी भी जरूरी होती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



