Budget News: केंद्रीय आम बजट 2025-26 से ठीक एक दिन पहले भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली है. सेंसेक्स ने 740 अंक की बढ़त दर्ज की और 77,500 के स्तर पर बंद हुआ. निफ्टी भी 258 अंक चढ़कर 23,508 के स्तर पर पहुंच गया. इस तेजी में सरकारी और PSU (पब्लिक सेक्टर यूनिट) शेयरों का प्रमुख योगदान रहा. विशेष रूप से रेलवे और डिफेंस के शेयरों में 10 फीसदी या उससे ज्यादा की तेजी देखने को मिली.
सरकारी शेयरों में बंपर तेजी
रेलवे और डिफेंस सेक्टर के स्टॉक्स में जोरदार उछाल आया. Jupiter Wagons के शेयर 12 फीसदी चढ़े, जबकि RVNL और Ircon International में क्रमशः 9 फीसदी की तेजी आई. इसके अलावा, बीईएमएल, मझगांव डॉक और अन्य डिफेंस शेयरों में भी अच्छी बढ़त रही. PSU सेक्टर में NHPC, टाटा कंज्यूमर, गेल, भेल, और यूपीएल जैसे शेयरों ने 6 फीसदी से अधिक का उछाल लिया.

BSE और NSE के आंकड़े
BSE के टॉप 30 शेयरों की बात करें तो इनमें से सिर्फ 6 शेयरों में गिरावट आई, जिनमें कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस और आईटीसी होटल शामिल हैं. वहीं, अन्य 24 शेयरों में तेजी रही, जिसमें एल एंड टी का शेयर सबसे ज्यादा 4.37 फीसदी उछला. NSE पर टाटा कंज्यूमर, बेल ट्रेंट और कोल इंडिया जैसे शेयर भी सकारात्मक गति पर रहे.
निवेशकों को हुआ मुनाफा
सेंसेक्स में आई इस तेजी से BSE के कुल मार्केट कैप में 7 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ, जो पहले 417 लाख करोड़ रुपये था, वह बढ़कर 424 लाख करोड़ रुपये हो गया.

घरेलू निवेशकों का रुझान
30 जनवरी को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 4,582.95 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 2,165.89 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. एशियाई बाजारों में मिश्रित कारोबार देखा गया, जहां जापान के निक्केई में हल्की तेजी रही, वहीं कोरिया के कोस्पी और चीन के शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स में गिरावट आई.
वैश्विक बाजार की स्थिति
दुनिया की सबसे बड़ी इकोनॉमी अमेरिका के बाजारों ने भी सकारात्मक रुख दिखाया, डाओ जोंस 0.38% चढ़कर 44,882 पर बंद हुआ, वहीं S&P 500 इंडेक्स 0.53% की वृद्धि के साथ 6,071 पर पहुंचा. नैस्डैक इंडेक्स भी 0.25% चढ़ा.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



