Adani Enterprises Q1 Results: अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी ‘अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ (AEL) ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1 FY27) के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी ने बाजार को चौंकाते हुए अपने अब तक के इतिहास का सबसे बड़ा तिमाही EBITDA दर्ज किया है. 30 जून 2026 को समाप्त हुई इस तिमाही में अडानी एंटरप्राइजेज का प्रदर्शन बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) और तेजी से बढ़ते नए इनक्यूबेटिंग व्यवसायों के कड़क योगदान से आसमान छूता दिखा.
कुल आय में 50% का जबर्दस्त उछाल
कंपनी की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, सालाना आधार पर अडानी एंटरप्राइजेज की कुल आय 50 प्रतिशत की भारी बढ़त के साथ ₹33,546 करोड़ पर पहुंच गई है. वहीं कंपनी का EBITDA भी 49 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड ₹5,642 करोड़ दर्ज किया गया.
अगर ₹2,644 करोड़ के ओपेक (OFAC) सेटलमेंट को अलग कर दें, तो कंपनी का टैक्स से पहले मुनाफा (PBT) ₹1,295 करोड़ रहा है. कंपनी का मानना है कि बेहतर एसेट यूटिलाइजेशन और परिचालन दक्षता के चलते भविष्य में भी शेयरधारकों को शानदार रिटर्न मिलता रहेगा.
नवी मुंबई एयरपोर्ट और डेटा सेंटर से मिला कड़क बूस्ट
इस तिमाही में कंपनी के कई बड़े प्रोजेक्ट्स ने रफ्तार पकड़ी है. नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जुलाई 2026 को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन शुरू हो चुका है, जिससे एयरपोर्ट बिजनेस का EBITDA 49% बढ़कर ₹1,633 करोड़ पहुंच गया.
इसके अलावा, अडानी न्यू इंडस्ट्रीज ने 1.7 GW की नई उत्पादन लाइन शुरू कर अपनी सोलर मॉड्यूल निर्माण क्षमता को बढ़ाकर 5.7 GW कर लिया है. वहीं अडानीकनेक्स (AdaniConnex) को विशाखापत्तनम में 400 MW का नया हाइपरस्केल डेटा सेंटर ऑर्डर मिला, जिससे इसकी कुल क्षमता 960 MW के पार हो गई है.
कॉपर और माइनिंग में भी अडानी की मजबूत पकड़
अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने कहा कि कंपनी ने FY27 की शुरुआत बेहद मजबूत नींव पर की है. हाल ही में ₹15,000 करोड़ के सफल क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) ने कंपनी की लंबी अवधि की विकास रणनीति पर संस्थागत निवेशकों के अटूट भरोसे को साबित किया है.
इसके साथ ही कॉपर बिजनेस ने ₹749 करोड़ का EBITDA योगदान दिया, गंगा एक्सप्रेसवे पर 15 मई से टोल कलेक्शन शुरू हुआ और मध्य प्रदेश में धीरौली माइनिंग कॉन्ट्रैक्ट के चालू होने से कंपनी की माइनिंग सर्विसेज क्षमता बढ़कर 93.1 MMTPA हो चुकी है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

