Adani Total Gas Q1 Results: अदाणी ग्रुप की सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी अदाणी टोटल गैस लिमिटेड (ATGL) ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1FY27) के नतीजे घोषित कर दिए हैं, जिसमें कंपनी ने बेहद शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है. बता दें कि स्वच्छ ईंधन की बढ़ती मांग और नेटवर्क के तेजी से विस्तार के दम पर कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 27 फीसदी उछलकर ₹1,910 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है.
वहीं, इस दौरान कुल गैस वॉल्यूम में भी 13 फीसदी की बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली है, जो बढ़कर 303 मिलियन मीट्रिक स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (MMSCM) हो गई है. कंपनी के इस दमदार रिपोर्ट कार्ड के बाद शेयर बाजार और निवेशकों के चेहरे खिल गए हैं.
707 हुआ सीएनजी स्टेशनों का आंकड़ा(Adani Total Gas Q1 Results FY27)
पहली तिमाही के दौरान अदाणी टोटल गैस ने अपने इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया है. कंपनी ने 5 नए आउटलेट्स जोड़कर अपने सीएनजी स्टेशनों की कुल संख्या 707 तक पहुंचा दी है. वहीं घरेलू पीएनजी (PNG) सेगमेंट में 38 हजार से अधिक नए घरों को जोड़कर कुल कनेक्शनों की संख्या करीब 11.41 लाख कर दी है.
इसके अलावा, औद्योगिक और व्यावसायिक पीएनजी ग्राहकों की संख्या बढ़कर 10,422 हो गई है. अगर इंडियन ऑयल-अदाणी गैस (IOAGPL) के संयुक्त उपक्रम को भी मिला लें, तो कुल नेटवर्क 1,167 सीएनजी स्टेशनों और 13.75 लाख से अधिक घरेलू पीएनजी कनेक्शनों तक पहुंच चुका है, जो रोजाना 60 लाख से अधिक लोगों को सेवाएं दे रहा है.
कच्चे तेल की मार और गैस खरीद लागत 39% बढ़ी
वैश्विक बाजार में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के कारण कंपनी को चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा. पश्चिम एशिया में जारी तनाव, ब्रेंट क्रूड की ऊंची कीमतों, एपीएम गैस प्राइस सीलिंग में बढ़ोतरी और रुपये में आई गिरावट की वजह से कंपनी की नेचुरल गैस खरीद लागत में 39 फीसदी का भारी उछाल आया.
इसके बावजूद, कंपनी ने संतुलित मूल्य निर्धारण रणनीति अपनाकर उपभोक्ताओं पर बोझ डाले बिना आपूर्ति जारी रखी. ATGL ने इस तिमाही में ₹281 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन EBITDA और ₹133 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (PAT) हासिल किया है.
यह भी पढ़ें: सदन में चर्चा का मकसद या केवल राजनीति! नीट मामले पर स्पीकर के दर पहुंचा विपक्ष, जानें क्या बोलीं प्रियंका?
ईवी चार्जिंग और बायोमास सेगमेंट में भी तेजी
अदाणी टोटल गैस केवल सीएनजी और पीएनजी तक सीमित न रहकर भविष्य के स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों जैसे इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और बायोमास बिजनेस में भी अपना दबदबा बढ़ा रही है. इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय मानकों पर कंपनी की ईएसजी (ESG) रेटिंग्स में भी बड़ा सुधार देखा गया है.
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) संजय पंडित ने नतीजों पर खुशी जताते हुए कहा कि कंपनी का पूरा ध्यान देश भर में सस्टेनेबल ग्रोथ और क्लीन एनर्जी नेटवर्क को घर-घर तक पहुंचाने पर केंद्रित है, जिससे आने वाले समय में बिजनेस को और नई ऊंचाइयां मिलेंगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





