Bharat Express DD Free Dish

हवाई यात्रियों को लगेगा तगड़ा झटका! एअर इंडिया घटाएगी 22% उड़ानें, इंडिगो में भी कटौती; और बढ़ जाएगी महंगाई?

एअर इंडिया और इंडिगो ने घरेलू उड़ानों में बड़ी कटौती का फैसला लिया है, जिससे आने वाले महीनों में एयर टिकट महंगे हो सकते हैं. जेट फ्यूल की बढ़ती कीमतें, ईरान संकट और एयरस्पेस प्रतिबंधों ने एयरलाइंस की लागत को रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा दिया है…

घरेलू हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बेहद बुरी और जेब ढीली करने वाली खबर (Air India IndiGo flight cuts) सामने आ रही है. टाटा ग्रुप के स्वामित्व वाली एअर इंडिया और देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने अपनी घरेलू उड़ानों में भारी-भरकम कटौती करने का एक चौंकाने वाला फैसला लिया है.

यह बड़ा बदलाव जून से अगस्त 2026 के बीच लागू होने जा रहा है, जिसके तहत एअर इंडिया अपनी उड़ानों में 22 फीसदी और इंडिगो करीब 7 फीसदी तक की बड़ी कटौती करेगी. एयरलाइंस के इस अचानक लिए गए फैसले से आगामी दिनों में हवाई किराए का आसमान छूना तय माना जा रहा है, जिससे आम यात्रियों का बजट पूरी तरह से बिगड़ने वाला है.

फ्यूल के बढ़ते दामों ने निकाला एयरलाइंस का दिवाला?

एअर इंडिया वर्तमान में हर हफ्ते करीब 3600 घरेलू और 800 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के साथ कुल 4400 फ्लाइट्स का संचालन कर रही है, जिसके एक बड़े हिस्से पर इस फैसले की मार पड़ने वाली है. दरअसल, एयरलाइन कंपनियों की इस तालाबंदी के पीछे सबसे बड़ी वजह एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) यानी जेट फ्यूल की आसमान छूती कीमतें और बढ़ता ऑपरेशनल घाटा है.

फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस (FIA) के मुताबिक, पहले एयरलाइंस के कुल खर्च में फ्यूल का हिस्सा 40 फीसदी होता था, जो अब बढ़कर सीधे 60 फीसदी तक पहुंच चुका है, जिसने कंपनियों के पूरे वित्तीय नेटवर्क को हिलाकर रख दिया है.

ईरान युद्ध और एयरस्पेस पर पाबंदी का डबल अटैक

इस पूरे एविएशन संकट की टाइमलाइन को देखें तो 28 फरवरी को ईरान पर हुए हमलों के बाद मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में भयंकर युद्ध छिड़ गया था. इस संघर्ष की वजह से अंतरराष्ट्रीय रूटों पर ईरानी हवाई क्षेत्र का उपयोग पूरी तरह बंद करना पड़ा, जिससे विमानों को लंबे रूट तय करने पड़ रहे हैं.

वहीं रही-सही कसर पाकिस्तानी एयरस्पेस पर लगी पाबंदियों ने पूरी कर दी, जिसके चलते घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों ही सेक्टर्स में ऑपरेटिंग कॉस्ट रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है. एअर इंडिया ने इस संकट के चलते महज दो हफ्ते पहले ही 23 इंटरनेशनल रूट्स पर भी अपनी उड़ानों को 27 फीसदी तक घटा दिया था.

यह भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा केस में रात 9:41 बजे का वो आखिरी कॉल! पीछे से आई चीख और फिर… CBI की री-रजिस्टर FIR में हुआ बेहद खौफनाक खुलासा

महंगे किराए से घटी पैसेंजर्स की संख्या(Air India IndiGo flight cuts)

एविएशन एनालिटिक्स फर्म ‘सिरियम’ के आंकड़ों पर गौर करें तो इस संकट का असर मार्च और अप्रैल के महीने से ही दिखने लगा था, जब देश की चार बड़ी एयरलाइंस के ऑपरेशन्स में 6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी. बढ़ती लागत का बोझ एयरलाइंस ने सीधे यात्रियों की जेब पर डाल दिया है, जिससे हवाई टिकट बेहद महंगे हो गए हैं और नतीजतन घरेलू हवाई यात्रा की डिमांड में भारी कमी आई है. वर्तमान में भारतीय आसमान पर इंडिगो और एअर इंडिया ग्रुप का करीब 90 फीसदी मार्केट शेयर के साथ एकछत्र राज है, लेकिन इस भयंकर मंदी और उड़ानों में कटौती के बीच आकासा एयर जैसे छोटे प्लेयर्स तेजी से पैर पसारने की फिराक में हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस

 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read