हुंडई मोटर (Hyundai Motor) के पहले विदेशी मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जोस मुनोज (Jose Munoj) ने कंपनी की सफलता के लिए उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों और अलग रणनीतियों को सबसे महत्वपूर्ण बताया है. कंपनी ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी.
जोस मुनोज ने सियोल के पास नामयांग R&D सेंटर में आयोजित टाउन हॉल बैठक में 15,000 कर्मचारियों के साथ अपनी रणनीति साझा की. उन्होंने उत्कृष्ट उत्पाद गुणवत्ता, बाजार-आधारित रणनीति और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं को तीन मुख्य लक्ष्य बताया, जिन पर कंपनी को फोकस करना होगा.
EV बाजार में बदलाव के लिए तैयार हुंडई
भविष्य की इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) रणनीति पर बात करते हुए मुनोज ने कहा कि कंपनी बाजार की बदलती मांगों के अनुसार अपनी रणनीति तैयार करेगी. वर्तमान में EV बाजार में कमजोर मांग देखी जा रही है, जिसे EV “चैसम” कहा जा रहा है.
उन्होंने कहा, “हम इलेक्ट्रिफिकेशन की प्रक्रिया में आगे बढ़ते रहेंगे. हम समझते हैं कि यह कारोबार पूरी तरह से उपभोक्ता मांग पर निर्भर है. इसलिए हम हाइब्रिड EVs, एक्सटेंडेड रेंज इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EREV), हाइड्रोजन फ्यूल सेल वाहनों और आंतरिक दहन इंजन से चलने वाले वाहनों में निवेश जारी रखेंगे.”
ऑटोनॉमस ड्राइविंग में लॉन्ग टर्म निवेश
मुनोज ने स्वायत्त ड्राइविंग (Autonomous Driving) को एक बड़ा अवसर बताया, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में भारी कमी लाई जा सकती है. उन्होंने कहा कि कंपनी इस क्षेत्र में लंबी अवधि के लिए निवेश कर रही है ताकि ड्राइविंग को सुरक्षित, सुविधाजनक और प्रभावी बनाया जा सके.
नवंबर 2023 में मुनोज को हुंडई के वैश्विक मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) से प्रमोट कर CEO बनाया गया. यह पहली बार था जब किसी विदेशी नागरिक को इस पद पर नियुक्त किया गया. उनकी नियुक्ति को हुंडई मोटर का एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य अमेरिकी बाजार में पकड़ मजबूत करना है. अमेरिका ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के लिए सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक है.
मई 2019 में हुंडई से जुड़ने से पहले मुनोज निसान मोटर कंपनी में चीफ परफॉर्मेंस ऑफिसर और निसान चीन के चेयरमैन के रूप में काम कर चुके हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


