Bharat Express DD Free Dish

ट्रंप के टैरिफ से हाहाकार, भारतीय शेयर मार्केट भी हुआ धड़ाम, इन कंपनियों के स्टॉक बिखरे, टाटा से लेकर इंफोसिस को तगड़ा झटका

Indian Stock Market Crash: खराब वैश्विक संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार सोमवार को बड़ी गिरावट के साथ खुला.

stock market today

भारतीय शेयर बाजार में गिरावट.

Indian Stock Market Crash: खराब वैश्विक संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार सोमवार को बड़ी गिरावट के साथ खुला. बाजार में चौतरफा गिरावट देखने को मिल रही है. सुबह 9:35 पर सेंसेक्स 2,381 अंक या 3.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,010 और निफ्टी 816 अंक या 3.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,088 पर था.

ट्रंप के टैरिफ को माना जा रहा वजह

इस गिरावट की वजह अमेरिका द्वारा लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ को माना जा रहा है, जिससे पूरी दुनिया में ट्रेड वार का खतरा बढ़ गया है.

शेयर बाजार में बड़ी गिरावट

लार्ज कैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी बड़ी गिरावट है. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 2,045 अंक या 4.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 48,562 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 820 अंक या 5.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 14,855 पर था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के सभी इंडेक्स में लाल निशान में कारोबार हो रहा है. ऑटो, आईटी, एफएमसीजी, मेटस, रियल्टी, मीडिया और एनर्जी में सबसे अधिक गिरावट है.

30 शेयर लाल निशान में

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स पैक में सभी 30 शेयर लाल निशान में थे. टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एलएंडटी, एचसीएल टेक, टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, एमएंडएम, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक और एमएंडएम टॉप लूजर्स थे.

चॉइस ब्रोकिंग के डेरिवेटिव एनालिस्ट हार्दिक मटालिया ने कहा, “टेक्निकल फ्रंट पर, निफ्टीने दैनिक चार्ट पर कमजोरी देखी गई. इसके कारण रुकावट स्तरों पर इंडेक्स पर दबाव देखने को मिल सकता है. इंट्राडे में 22,400 और 22,000 एक सपोर्ट लेवल है, क्योंकि सूचकांक ने ऐतिहासिक रूप से इन क्षेत्रों के आसपास स्थिरता दिखाई है.”

एशियाई बाजारों में भी हड़कंप

अधिकांश एशियाई बाजारों में बिकवाली देखी गई. टोक्यो, शंघाई, बैंकॉक, सियोल और हांगकांग में 11 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है.रेसिप्रोकल टैरिफ के कारण शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में भारी बिकवाली देखी गई. डाओ 5.50 प्रतिशत और टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक लगभग 5.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ.

यह भी पढ़े-ं ट्रंप के टैरिफ ने भारतीय शेयर बाजार को दिया तगड़ा झटका, ताश के पत्तों की तरह बिखरे इन कंपनियों के स्टॉक

वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई है. ब्रेंट क्रूड 2.67 प्रतिशत गिरकर 63.82 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड 2.69 प्रतिशत गिरकर 60.31 डॉलर प्रति बैरल पर है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read