सेंसेक्स 1400 अंक टूटा
Stock Market Crash: दशहरा अवकाश के बाद बुधवार को जब शेयर बाजार खुला तो निवेशकों को जोरदार तेजी की उम्मीद थी. इसकी एक बड़ी वजह जियो के आईपीओ को लेकर बना उत्साह भी था. कारोबार शुरू होते ही बाजार ने भी सकारात्मक संकेत दिए. शुरुआती 40 मिनट में बीएसई सेंसेक्स 829 अंक उछलकर 74,682.19 के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया. वहीं एनएसई निफ्टी भी 232 अंकों की बढ़त के साथ 23,120.90 अंक तक निकल गया. बाजार के इस प्रदर्शन से निवेशकों का भरोसा मजबूत होता नजर आ रहा था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद तस्वीर पूरी तरह बदल गई.
कुछ घंटों में बदल गया बाजार का पूरा मूड
सुबह की शानदार शुरुआत के बाद दोपहर तक बाजार में बिकवाली का दबाव तेजी से बढ़ने लगा. नतीजा यह रहा कि दोपहर 1 बजकर 45 मिनट तक सेंसेक्स अपने दिन के उच्चतम स्तर से 1,400.41 अंक टूटकर 73,281.78 पर आ गया. दूसरी ओर निफ्टी भी 448.65 अंकों की फिसलन के साथ 22,672.25 अंक पर कारोबार करता दिखाई दिया. यानी महज 245 मिनट के भीतर बाजार ने तेजी से गिरावट की ओर यू-टर्न ले लिया और शुरुआती बढ़त लगभग पूरी तरह गायब हो गई.
मुनाफावसूली और बढ़ती चिंताओं का असर
बाजार जानकारों के अनुसार शुरुआती उछाल के बाद कई निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी. इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और इंडिया VIX में आया उछाल भी बाजार पर दबाव बनाने वाले प्रमुख कारणों में शामिल रहा. जोखिम बढ़ने की आशंका के बीच निवेशकों का रुख सतर्क हो गया, जिसका असर प्रमुख सूचकांकों पर साफ दिखाई दिया. यही वजह रही कि सुबह की तेजी दोपहर तक भारी गिरावट में बदल गई.
दिग्गज कंपनियों के शेयरों में दिखी बड़ी कमजोरी
गिरावट का असर बाजार की कई बड़ी कंपनियों पर भी देखने को मिला. एनएसई पर बजाज फाइनेंस, आयशर मोटर्स और इटरनल के शेयरों में 3 फीसदी से अधिक की कमजोरी दर्ज की गई. वहीं श्रीराम फाइनेंस और नेस्ले इंडिया के शेयर करीब 3 फीसदी तक फिसले. दूसरी तरफ बीएसई पर भी बजाज फाइनेंस और इटरनल के शेयरों में 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखी गई. इसके अलावा मारुति, ट्रेंट और इंडिगो के शेयरों में 2.50 फीसदी से अधिक की कमजोरी दर्ज हुई, जिससे बाजार पर दबाव और बढ़ गया.
ये भी पढ़ें-अडाणी ग्रीन की शानदार छलांग! बिजली बिक्री 32% बढ़ी, 6 महीने में EBITDA पहुंचा 7,957 करोड़ रुपये
निवेशकों की संपत्ति में 8.78 लाख करोड़ रुपये की सेंध
बाजार में आई इस तेज गिरावट का सबसे बड़ा असर निवेशकों की संपत्ति पर पड़ा. जब सेंसेक्स 74,682.19 अंक के अपने उच्चतम स्तर पर था, तब बीएसई का कुल मार्केट कैप 4,68,30,040.07 करोड़ रुपये था. लेकिन जैसे ही सेंसेक्स फिसलकर 73,281.78 अंक पर पहुंचा, बीएसई मार्केट कैप घटकर 4,59,51,902.24 करोड़ रुपये रह गया. इसका सीधा मतलब है कि सिर्फ 245 मिनट के भीतर निवेशकों की कुल संपत्ति में 8,78,137.83 करोड़ रुपये की कमी आ गई. बाजार के इस तेज उतार-चढ़ाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी और दिनभर की कमाई को बड़े नुकसान में बदल दिया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



