अगर आप सोशल मीडिया पर बिहार पुलिस में 22,771 सिपाही की भर्ती का विज्ञापन देखकर उत्साहित हैं और आवेदन की तारीख का इंतजार कर रहे हैं, तो ये जानकारी आपके लिए जरूरी है. हाल ही में केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट csbc.bihar.gov.in पर साफ कर दिया है कि यह सूचना पूरी तरह से फर्जी है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से व्हाट्सएप और फेसबुक पर एक नोटिफिकेशन तेजी से शेयर किया जा रहा था, जिसमें दावा किया गया कि केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) ने बिहार पुलिस में सिपाही के 22,771 नए पदों के लिए आवेदन मांगे हैं. लोग इसे सच मानकर फॉर्म भरने की तारीखों का इंतजार करने लगे. लेकिन जब यह मामला विभाग तक पहुँचा, तो खुद CSBC को सामने आकर इस पर सफाई देनी पड़ी.
बोर्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट (csbc.bihar.gov.in) पर एक जरूरी नोटिस जारी करते हुए साफ लफ्जों में कहा है कि 19 मार्च 2026 को उनकी तरफ से ऐसी कोई भी भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं किया गया है. विभाग ने चेतावनी दी है कि उम्मीदवार ऐसी झूठी खबरों और असामाजिक तत्वों के झांसे में न आएं.
अफवाहों से कैसे बचें?
बिहार में पुलिस की किसी भी भर्ती (सिपाही पद के लिए) की जिम्मेदारी सेंट्रल सेलेक्शन बोर्ड ऑफ कॉन्स्टेबल (CSBC) की होती है. बोर्ड ने सलाह दी है कि जब भी कोई वैकेंसी आती है, उसका पूरा ब्योरा—जैसे योग्यता, उम्र सीमा, फिजिकल टेस्ट की जानकारी और फॉर्म भरने की तारीख सिर्फ उनकी ऑफिशियल वेबसाइट पर ही चेक करें. किसी अनजान लिंक या सोशल मीडिया के पोस्ट पर भरोसा करके अपनी निजी जानकारी या पैसा बर्बाद न करें.
अभी कौन सी भर्ती निकली है?
अगर आप नौकरी तलाश रहे हैं, तो फिलहाल ‘कॉन्स्टेबल ऑपरेटर’ के 993 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है. यह भर्ती पूरी तरह असली है और इसके लिए आवेदन भी मांगा जा रहा हैं.
कॉन्स्टेबल ऑपरेटर भर्ती के लिए अगर आपने 12वीं (इंटरमीडिएट) साइंस स्ट्रीम (PCM – फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ) से कम से कम 50% अंकों के साथ पास की है, तो आप आवेदन कर सकते हैं. (आरक्षित वर्गों के लिए यह सीमा 45% है). इसमें सामान्य वर्ग के लिए 18 से 25 वर्ष तय की गई है, जबकि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट मिलेगी.
इस पद के लिए आप 31 मार्च 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: व्हाइट, पिंक और रेड कॉलर जॉब में क्या है अंतर? जानें आपकी नौकरी किस रंग की श्रेणी में आती है
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


