PM Modi
PMO Recruitment Process: प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में काम करना और देश के बड़े फैसलों में योगदान देना कई युवाओं का सपना होता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोर टीम में शामिल होने के लिए केवल IAS या IPS अधिकारी होना ही जरूरी नहीं है, बल्कि विभिन्न विशेषज्ञ पदों पर गैर-IAS और सामान्य युवाओं के लिए भी अवसर उपलब्ध होते हैं.
प्रधानमंत्री मोदी की कोर टीम या PMO में काम करने के लिए केवल सिविल सर्विसेज ही एकमात्र रास्ता नहीं है. प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा इकॉनमी, लॉ और टेक्नोलॉजी जैसे विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के लिए भी कई द्वार खुले हैं. योग्य युवा अपनी योग्यता, मास्टर डिग्री और अनुभव के आधार पर नीति आयोग, EAC-PM और PMO की आधिकारिक वेबसाइट पर विज्ञापित पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं.
PMO में किन पदों पर और कैसे होती है नियुक्ति?
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) केंद्र सरकार का एक बेहद महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यालय है, जो प्रधानमंत्री को सचिवीय सहायता देता है. PMO की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, यहां 122 राजपत्रित और 281 गैर-राजपत्रित पद हैं, जिनमें प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ तक शामिल होते हैं.
योग्यता और शैक्षणिक आवश्यकताएं
PMO में नौकरी के लिए कोई एक निश्चित शैक्षणिक योग्यता तय नहीं है, बल्कि यह पद की प्रकृति पर निर्भर करता है. प्रशासनिक पदों के लिए UPSC सिविल सेवा परीक्षा (IAS/IPS) के जरिए चयन होता है, जिसके लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन होना अनिवार्य है. इसके अलावा, इकॉनमी, लॉ, टेक, डेटा एनालिसिस या रिसर्च जैसे क्षेत्रों में रुचि रखने वाले उम्मीदवारों के लिए मास्टर डिग्री और अनुभव के आधार पर विशेषज्ञ पद भी मिलते हैं.
गैर-IAS उम्मीदवारों के लिए खास मौके
सरकार के नीति निर्माण से जुड़े संगठनों और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) में ‘यंग प्रोफेशनल’ (Young Professional) और ‘कंसलटेंट’ (Consultant) जैसे पदों पर गैर-IAS उम्मीदवारों की भी नियुक्ति की जाती है. इन पदों के लिए संबंधित विषय में मास्टर डिग्री, तय वर्क एक्सपीरियंस और निर्धारित आयु सीमा का होना जरूरी होता है.
आवेदन करने की प्रक्रिया
भविष्य में सरकार के साथ काम करने के लिए पॉलिटिकल साइंस, इकोनॉमिक्स, लॉ, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन और टेक्नोलॉजी जैसे विषयों में विशेषज्ञता फायदेमंद होती है. इसके लिए उम्मीदवारों को UPSC के साथ-साथ PMO, नीति आयोग और EAC-PM की आधिकारिक वेबसाइट्स पर नजर रखनी चाहिए, जहां योग्यता और अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी होती है.
यह भी पढ़ें-Railway Jobs 2026: उत्तर रेलवे में 10वीं और ITI पास युवाओं के लिए बंपर भर्ती, बिना एग्जाम मिलेगी जॉब
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


