(AI IMAGE)
Delhi News: दिल्ली नगर निगम (MCD) अपने प्राथमिक स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों बच्चों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है. इस हफ्ते से निगम छात्रों के बैंक खातों में यूनिफॉर्म और स्कूल बैग की खरीदारी के लिए सीधे आर्थिक सहायता राशि ट्रांसफर करना शुरू कर देगा.
दिल्ली नगर निगम (MCD) शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत अपने स्कूलों के 5.1 लाख से अधिक छात्रों के खातों में 1,370 रुपये की सहायता राशि भेजने जा रहा है. यूनिफॉर्म और बैग के लिए दी जाने वाली इस राशि के तहत पहले चरण में लगभग 70 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे. बाकी बचे बच्चों के बैंक खाते एक्टिव करवाकर उन्हें भी जल्द भुगतान किया जाएगा.
पहले चरण में 70 करोड़ रुपये होंगे जारी
MCD अधिकारियों के अनुसार, योजना के पहले चरण में लगभग 5.1 लाख छात्रों के बैंक खातों में कुल 69.87 करोड़ रुपये (करीब 70 करोड़ रुपये) भेजे जाएंगे. इस सहायता राशि के तहत प्रत्येक योग्य छात्र को यूनिफॉर्म और स्कूल बैग खरीदने के लिए 1,370 रुपये दिए जाएंगे.
6.5 लाख से अधिक छात्र योजना के लिए पात्र
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 31 अगस्त की समयसीमा तक MCD ने कुल 6,56,950 छात्रों को इस वित्तीय मदद के योग्य माना है. फिलहाल 5.1 लाख बच्चों के बैंक खाते पूरी तरह से अपडेट और सक्रिय पाए गए हैं, इसलिए पहली किश्त में इन्हीं बच्चों के खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए पैसे भेजे जा रहे हैं.
बिना बैंक खाते वाले बच्चों के लिए विशेष पहल
अक्सर देखा गया है कि एक्टिव बैंक अकाउंट न होने के कारण कई बच्चे इस सुविधा से वंचित रह जाते हैं. MCD अब यह सुनिश्चित कर रही है कि जिन बच्चों या उनके अभिभावकों के पास बैंक खाते नहीं हैं, उनके जल्द से जल्द नए खाते खुलवाए जाएं. वहीं, जिन खातों में त्रुटि या इनएक्टिव की समस्या है, उन्हें भी ठीक किया जा रहा है ताकि बाकी बचे छात्रों को भी जल्द राशि मिल सके.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


