चुनाव

एक क्लिक में पढ़िए आज की 10 बड़ी चुनावी खबरें: रायबरेली से राहुल गांधी दिखाएंगे दम तो PM मोदी ने कहा- “अरे शहजादे…”

Election 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. चाय की टपरी हो या फिर पान की दुकान, हर जगह चुनाव के चर्चे हो रहे हैं. लोगों की बातें सुन सुनकर ऐसा लगता है कि नेताओं से ज्यादा चुनाव की बातें तो जनता कर रही है. कौन जीतेगा? कौन हारेगा? किसने बदला पाला, किस पार्टी ने किया कौन-सा चुनावी वादा. नेताओं की ओर से एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच आइए यहां जानते हैं चुनाव से जुड़ी 03 मई की 10 बड़ी खबरें-

कांग्रेस ने रायबरेली से राहुल गांधी और अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को दिया टिकट

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने रायबेरली और अमेठी में नामांकन के आखिरी दिन अपने पत्ते खोल दिए हैं. पार्टी ने रायबरेली से राहुल गांधी और अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को उम्मीदवार घोषित किया है. कांग्रेस ने दोनों उम्मीदवारों के नामों की लिस्ट जारी कर दी है. राहुल गांधी अब तक अमेठी से चुनाव लड़ते हैं. इस बार पार्टी ने उनकी सीट बदल दी है. जबकि केएल शर्मा पहली बार चुनावी मैदान में होंगे.

राहुल गांधी के दो-दो सीटें चुनने पर बोले PM मोदी— अरे शहजादे डरो मत, भागो मत

सोनिया की अनुपस्थिति में अब राहुल गांधी ही रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे. कांग्रेस पार्टी के इस फैसले पर भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुटकी ली है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- “मैंने पहले ही बता दिया था कि शहजादे (Rahul Gandhi) वायनाड में हारने वाले हैं और हार के डर से जैसे ही वायनाड में मतदान समाप्त होगा, वह दूसरी सीट खोजने लग जाएंगे और अब दूसरी सीट पर भी उनके सारे चेले-चपाटे कह रहे थे अमेठी आएंगे, अमेठी आएंगे…लेकिन अमेठी से भी इतना डर गए…इतना डर गए कि वहां से भागकर अब रायबरेली में रास्ता खोज रहे हैं. यह लोग घूम-घूम कर सबको कहते हैं कि डरो मत. मैं भी आज उन्हें कहता हूं और बड़ा जी भर के कहता हूं…अरे डरो मत, भागो मत!”

“रायबरेली से हारेंगे और वहां से भी भागेंगे”- बीजेपी

कांग्रेस ने अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट को लेकर तस्वीर साफ कर दी है. राहुल गांधी रायबरेली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे तो वहीं अमेठी से कांग्रेस ने किशोरी लाल शर्मा को मैदान में उतारा है. इसके बाद भाजपा ने राहुल गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने पर निशाना साधा. भाजपा के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “इससे यह जाहिर होता है कि राहुल गांधी ने वायनाड से अपनी हार स्वीकार कर ली है. वह पहले अमेठी से भागे, अब वायनाड से और इस बार उन्हें रायबरेली से भी भागना पड़ेगा.”

छोटी बात करके वे (प्रधानमंत्री) छोटा बनना चाहते हैं- मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रायबरेली से उम्मीदवारी को लेकर की गई प्रधानमंत्री की टिप्पणी पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “अपनी गरिमा को छोड़ कर जो वार करते हैं इन्हें जवाब देने की जरूरत नहीं. पहले लालकृष्ण आडवाणी, अटल बिहारी वाजपेयी दो जगहों से चुनाव नहीं लड़ते थे? कितने लोग दो जगहों से चुनाव में खड़े हुए हैं. छोटी बात करके वे (प्रधानमंत्री) छोटा बनना चाहते हैं.”

कांग्रेस के पूर्व नेता संजय निरुपम एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना में शामिल हुये

मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम एकनाथ शिंदे शिवसेना में शामिल होने के लिए तैयार हैं, जिसका नेतृत्व अब कर रहे हैं. अविभाजित शिवसेना पार्टी छोड़ने के लगभग दो दशक बाद उन्होंने यह फैसला लिया है. शिवसेना से ही उन्होंने अपने सियासी सफर की शुरुआत की थी.

जनता से कट चुके हैं प्रधानमंत्री मोदी : प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ‘सत्ता के अहंकार’ में जनता से दूर हो जाने का आज शुक्रवार को आरोप लगाया. प्रियंका ने यहां कांग्रेस उम्मीदवार रामनाथ सिकरवार ‘फौजी’ के समर्थन में रोड शो के दौरान यह बात कही. प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा, ‘‘आपने देश के सबसे बड़े नेता को देखा है जिन्होंने सिर्फ आपको गुमराह किया है. सिर्फ चुनाव के समय आपके जज्बात को उभारकर आपसे वोट लिया है. बदले में आपको दिया कुछ भी नहीं, अपने खरबपति मित्रों को दिया है.’’

आयोग ने राज्यों से कहा कि चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों को तुरंत जारी करें अदेय प्रमाणपत्र

भारत निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को राज्यों को निर्देश दिया कि चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों को आग्रह करने के 48 घंटे के भीतर अदेय प्रमाणपत्र जारी किये जायें क्योंकि जो लोग नामांकन के दौरान यह जमा नहीं करवाते उनका नामांकन पत्र रद्द होने की आशंका रहती है.

गांधीजी पर गुजरात के कांग्रेस नेता के बयान पर विवाद, भाजपा ने आलोचना की

गुजरात कांग्रेस के पूर्व विधायक इंद्रनील राजगुरु ने गांधीजी के लिए “चालाक” शब्द का इस्तेमाल करके विवाद खड़ा कर दिया और यह भी दावा किया कि राहुल गांधी महात्मा से बेहतर हैं क्योंकि वह “साफ दिल वाले और स्पष्टवादी” हैं. राजगुरु ने जहां दावा किया कि उनके कहने का मतलब था कि गांधीजी “चतुर” थे वहीं, गुजरात भाजपा के उपाध्यक्ष भरत बोगरा ने कहा कि लोग महात्मा पर ऐसी टिप्पणियों के लिए कांग्रेस को माफ नहीं करेंगे.

केजरीवाल की गारंटी दिखती है; मोदी की गारंटी कोरा जुमला : महाबल मिश्रा

पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार महाबल मिश्रा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के काम की सराहना करते हुए कहा कि उनकी ”गारंटी जमीन पर दिख रही है” जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी केवल ”जुमला” है. मिश्रा ने दावा किया कि आप के राष्ट्रीय संयोजक की गिरफ्तारी से लोग नाराज हैं और उनके प्रति सहानुभूति की लहर है.

इलेक्टोरल बॉन्ड योजना अवैध- राहुल गांधी 

कांग्रेस सांसद और वायनाड व रायबरेली से उम्मीदवार राहुल गांधी ने कहा, “इलेक्टोरल बॉन्ड योजना अवैध है, इसमें भ्रष्टाचार हुआ है. क्या आप जानते हैं कि इस योजना में क्या हो रहा था? प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि वे राजनीति को साफ कर रहे हैं, अगर वे राजनीति को साफ कर रहे हैं तो उन्होंने सभी दानदाताओं के नाम क्यों छुपाये? जब उनके नाम सामने आते हैं तो पता चलता है कि एक दिन एक कंपनी को हजारों करोड़ रुपये का ठेका मिलता है और उसके बाद वह कंपनी भाजपा को पैसा देती है. CBI एक कंपनी के खिलाफ केस खोलती है, वह कंपनी भाजपा को हजारों करोड़ रुपये देती है और केस बंद हो जाता है. नरेंद्र मोदी देश के सामने खुलेआम भ्रष्टाचार कर रहे हैं और मीडिया कुछ नहीं कहती.”

Rohit Rai

Recent Posts

सेना में AI से गुगल में घमासान, सहूलियत या सुरक्षा पर खतरा? जानें मामला

Google DeepMind AI Military Controversy: पेंटागन और इजरायल के साथ सैन्य समझौतों के विरोध में…

15 minutes ago

2047 के विकसित भारत में खेल निभाएंगे अहम भूमिका, नई दिल्ली में आयोजित स्पोर्ट्स CSR समिट में बोले दिग्गज

नई दिल्ली के PHD हाउस में आयोजित स्पोर्ट्स CSR Summit में खेल राज्य मंत्री रक्षा…

51 minutes ago

हबीब-उर-रहमान को दिल्ली हाईकोर्ट से झटका, तीन साल से बंद आरोपी की जमानत याचिका ने ठुकराई

दिल्ली हाईकोर्ट ने सैन्य खुफिया जानकारी लीक करने के आरोपी हबीब-उर-रहमान की जमानत याचिका खारिज…

58 minutes ago

वंदे मातरम को राष्ट्रगान जैसा दर्जा देने की मांग, सुप्रीम कोर्ट 27 अक्टूबर को करेगा सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट वंदे मातरम को राष्ट्रगान के समान दर्जा देने और स्कूलों में इसे अनिवार्य…

1 hour ago

दिल्ली हाईकोर्ट का बड़ा फैसला; EWS और DG छात्रों को यूनिफॉर्म के लिए नकद सहायता देने की नीति को दी मंजूरी

दिल्ली हाईकोर्ट ने EWS और DG छात्रों को स्कूल यूनिफॉर्म के बदले नकद सहायता देने…

1 hour ago

मेगा मिलेनियम के ठिकानों पर ईडी की ताबड़तोड़ छापेमारी, करोड़ों की विदेशी और भारतीय करेंसी बरामद

ईडी ने मेगा मिलेनियम प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े मुंबई, दिल्ली और महाराष्ट्र के ठिकानों पर…

1 hour ago