Bharat Express DD Free Dish

ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए Arjun Kapoor, फैंस को दी चेतावनी, जानें पूरा मामला

Arjun Kapoor हाल ही में रोहित शेट्टी की मल्टीस्टारर फिल्म ‘सिंघम अगेन’ में नजर आए थे. इस फिल्म में उन्होंने खलनायक का किरदार निभाया था.

अर्जुन कपूर. (फाइल फोटो: IANS)

बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर फैंस को ऑनलाइन ठगी से सजग रहने की सलाह दी. उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति के बारे में बताया जो उनका मैनेजर बनकर लोगों के साथ ठगी कर रहा.

अर्जुन कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए फॉलोअर्स को एक फर्जी अकाउंट के बारे में बताया, जो अपने आपको उनका मैनेजर बता रहा था. यह व्यक्ति एक ठग था. यह ठग अर्जुन के नाम का इस्तेमाल करके लोगों को उनकी निजी जानकारी साझा करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के लिए कह रहा था.

अर्जुन कपूर ने क्या कहा

अर्जुन ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, ‘मेरे संज्ञान में आया है, एक संदिग्ध शख्स लोगों से संपर्क कर रहा है और खुद को मेरा मैनेजर बता रहा है. साथ ही लोगों को मुझसे जोड़ने की बात कह रहा है. प्लीज ध्यान रखें कि ये संदेश असली नहीं हैं और मेरा इनसे कोई संबंध नहीं है. मैं कभी नहीं चाहूंगा कि कोई व्यक्ति ऐसे लिंक पर क्लिक करे या अपनी निजी जानकारी साझा करे. कृपया इन ठगों के झांसे में न आएं, सुरक्षित और सतर्क रहें. अगर आपको ऐसे संदेश मिले तो तुरंत अकाउंट के खिलाफ रिपोर्ट करें. सुरक्षित और खुशहाल क्रिसमस मनाएं.’

सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव अर्जुन कपूर ने हाल ही में इंस्टाग्राम स्टोरी पर वरुण धवन की फिल्म ‘बेबी जॉन’ की टीम को शुभकामनाएं दी थीं. फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा था, ‘पूरी टीम को सफलता की शुभकामनाएं!’

सिंघम अगेन में आए थे नजर

अर्जुन कपूर के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह हाल ही में कई सितारों से सजी रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सिंघम अगेन’ में नजर आए थे. इस फिल्म में उन्होंने खलनायक का किरदार निभाया था. फिल्म में उनके साथ अजय देवगन, टाइगर श्रॉफ, रणवीर सिंह, अक्षय कुमार और करीना कपूर खान जैसे सितारे भी थे. फिल्म में सलमान खान कैमियो में नजर आए थे.

रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी ‘सिंघम अगेन’ 1 नवंबर को रिलीज हुई थी. अर्जुन ने इस फिल्म के सेट पर बिताए हर पल को यादगार बताते हुए रोहित शेट्टी का धन्यवाद किया था. उन्होंने लिखा था, ‘सही समय पर सही निर्देशक के साथ जो आप पर विश्वास करता है, कभी-कभी बस इतना ही काफी होता है. जब बहुत से लोग ऐसा करने को तैयार नहीं थे, तब रोहित सर ने मुझ पर विश्वास किया और मुझे एक ऐसा किरदार निभाने का मौका दिया, जिसे दर्शकों ने पसंद किया.’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read