Bharat Express DD Free Dish

कमल हासन का कन्नड़ भाषा पर दिए बयान के बाद कर्नाटक में फिल्म ‘ठग लाइफ’ की रिलीज़ को लेकर थिएटर मालिकों को धमकी, KFCC ने लगाया बैन

कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (KFCC) ने कन्नड़ भाषा पर अभिनेता की टिप्पणी को लेकर ‘ठग लाइफ’ की रिलीज पर प्रतिबंध लगा दिया है. 

Kamal Haasan

Kamal Hassan Kannad Language Controversy: कन्नड़ समर्थक संगठन कर्नाटक रक्षण वेदिके ने रविवार को कमल हासन की फिल्म ‘ठग लाइफ’ (Thug Life) की रिलीज को रोकने के लिए बेंगलुरु के कामाक्षीपाल्या में थिएटर की घेराबंदी करने की कोशिश की. कर्नाटक रक्षण वेदिके के प्रवीण शेट्टी ने बेंगलुरु के कामाक्षीपाल्या में विक्ट्री सिनेमा थिएटर के मालिकों को कमल हासन की ‘ठग लाइफ’ को रिलीज न करने की चेतावनी दी, उनका आरोप है कि कमल हासन ने कन्नड़ भाषा के बारे में अनुचित टिप्पणी की है.

कर्नाटक रक्षण वेदिके द्वारा यह कदम अभिनेता द्वारा चेन्नई में एक प्रचार कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर यह कहने के बाद उठाया गया कि “कन्नड़ तमिल से पैदा हुआ है”. इसके कारण कन्नड़ समर्थक संगठनों ने कई विरोध प्रदर्शन किए और कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (केएफसीसी) ने फिल्म ‘ठग लाइफ’ की रिलीज पर प्रतिबंध लगा दिया.

एएनआई से बात करते हुए प्रवीण शेट्टी ने कहा, “कमल हासन ने कन्नड़ भाषा के खिलाफ बात की है. हम कमल हासन की फिल्म को कर्नाटक में रिलीज नहीं होने देंगे. उन्होंने कहा कि फिल्म विक्ट्री सिनेमा में रिलीज होगी. इस वजह से हम आज यहां आए और थिएटर मालिकों से कहा कि वे कमल हासन की फिल्म रिलीज न करें. कमल हासन की फिल्म कर्नाटक में रिलीज नहीं होनी चाहिए. अगर फिल्म रिलीज होती है, तो उसके बाद होने वाली किसी भी अप्रिय घटना के लिए सरकार जिम्मेदार होगी.”

बुधवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कन्नड़ भाषा के बारे में कमल हासन की कथित टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें भाषा के लंबे समय से चले आ रहे इतिहास के बारे में जानकारी नहीं है.

कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने कहा, कन्नड़ का एक लंबा इतिहास है. बेचारे कमल हासन, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है.

मणिरत्नम द्वारा निर्देशित ‘ठग लाइफ’ में भी कमल हासन ने अभिनय किया है. त्रिशा कृष्णन और सिलंबरासन टीआर मुख्य भूमिकाओं में हैं.

अगर मैं गलत नहीं हूं, तो माफी नहीं मांगूंगा: कमल हासन

वहीं चेन्नई में डीएमके पार्टी मुख्यालय के बाहर मीडिया कर्मियों से बात करते हुए कमल हासन ने कहा, “यह एक लोकतंत्र है. मैं कानून और न्याय में विश्वास करता हूं. कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और केरल के लिए मेरा प्यार सच्चा है. कोई भी इस पर संदेह नहीं करेगा, सिवाय उन लोगों के जिनका कोई एजेंडा है. मुझे पहले भी धमकी दी गई है और अगर मैं गलत हूं, तो मैं माफी मांगूंगा, अगर मैं गलत नहीं हूं, तो मैं नहीं मांगूंगा.”

इस बीच कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (KFCC) ने कन्नड़ भाषा पर अभिनेता की टिप्पणी को लेकर ‘ठग लाइफ’ की रिलीज पर प्रतिबंध लगा दिया है.


ये भी पढ़ें: ‘Drishyam 3’ का सस्पेंस खत्म, मोहनलाल और अजय देवगन के बीच होने वाला है बॉक्स ऑफिस क्लैश, नोट कर लें रिलीज डेट


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read