Ananya Raj Death: युवा अभिनेत्री अनन्या राज अब हमारे बीच नहीं रहीं. 27 साल की उम्र में उनका यूं अचानक चले जाना हिंदी सिनेमा और क्षेत्रीय फिल्मों के लिए बड़ा सदमा है. परिवार ने 16 अगस्त को इंस्टाग्राम पर भावुक बयान जारी कर उनके निधन की जानकारी दी. यह खबर आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई और फैंस गहरे दुख में डूब गए.
कैसे हुई मौत?
परिजनों के मुताबिक अनन्या का निधन 15 जुलाई की सुबह हुई थी. परिवार ने इस दुखद घटना को सार्वजनिक करने से पहले खुद को संभालने के लिए एक महीने का समय लिया. उन्होंने लोगों से प्राइवेसी बनाए रखने और अनन्या की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की. परिवार ने उन्हें निडर और आत्मसम्मानी इंसान बताया जो हर चुनौती का सामना योद्धा की तरह करती थीं.
मुंबई से शुरू हुआ सफर
अनन्या का जन्म 22 अक्टूबर 1998 को मुंबई में हुआ था. बचपन से ही उन्हें कला और अभिनय का शौक था. इसी जुनून ने उन्हें कम उम्र में ही मनोरंजन जगत की ओर खींच लिया. उन्होंने शुरुआत म्यूजिक वीडियोज से की थी. ‘खुदा मेहरबान’ और ‘जगुआर’ जैसे गानों में उनकी मौजूदगी को दर्शकों ने खूब सराहा. इन गानों ने उन्हें पहचान दिलाई और फिल्मों के दरवाजे खोले.
2016 में बड़े पर्दे पर डेब्यू
अनन्या ने 2016 में सौरभ वर्मा की थ्रिलर फिल्म ‘7 आवर्स टू गो’ से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया. इसमें वे शिव पंडित और संदीपा धर के साथ नजर आईं. इसके बाद 2017 में उन्होंने ‘द फाइनल एग्जिट’ में काम किया, जिसमें कुणाल रॉय कपूर मुख्य भूमिका में थे.
विक्रम भट्ट की फिल्म से पहचान
2019 में विक्रम भट्ट की हॉरर-थ्रिलर ‘घोस्ट’ ने उन्हें खास पहचान दिलाई. इस फिल्म में उन्होंने सानाया ईरानी और शिवम भार्गव के साथ अहम किरदार निभाया. प्रेतबाधित हवेली और अलौकिक घटनाओं पर आधारित इस फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने नोटिस किया.
साउथ सिनेमा में भी कदम
हिंदी फिल्मों के बाद अनन्या ने तेलुगु सिनेमा में भी काम किया. उन्होंने श्रीनिवास राजू की फिल्म ‘थगड़े ले’ में अभिनय किया. इसमें उनके साथ नवीन चंद्रा और महेश अचंता जैसे कलाकार थे. इस फिल्म से उन्होंने साबित किया कि वे क्षेत्रीय सिनेमा में भी अपनी प्रतिभा दिखा सकती हैं.
ये भी पढ़ें-27 की उम्र में थम गई जिंदगी की कहानी… नींद में दुनिया छोड़ गईं अभिनेत्री अनन्या राज, इंडस्ट्री में पसरा मातम
छोटा लेकिन असरदार सफर
महज 27 साल की उम्र में अनन्या का जाना उनके परिवार और फैंस के लिए गहरा आघात है. उन्होंने अपने छोटे लेकिन प्रभावशाली करियर से यह साबित कर दिया था कि उनमें एक बेहतरीन कलाकार बनने की क्षमता थी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
