बॉलीवुड के ‘किंग ऑफ मेलोडी’ कहे जाने वाले अरिजीत सिंह ने जब से प्लेबैक सिंगिंग (फिल्मों के लिए गाना) छोड़ने का ऐलान किया है, सोशल मीडिया पर हर कोई बस यही पूछ रहा है आखिर क्यों? जैसे ही अरिजीत के संन्यास की खबर आई तो कोई कह रहा है कि म्यूजिक स्टूडियोज में काम का प्रेशर बहुत ज्यादा है, तो कोई इसे ‘टॉक्सिक वर्क कल्चर’ से जोड़कर देख रहा है. चर्चा यहां तक पहुंच गई कि शायद अरिजीत को अपनी क्रिएटिव आजादी नहीं मिल रही थी, इसलिए उन्होंने बॉलीवुड से तौबा कर ली.
इस पूरे मामले पर अब बॉलीवुड के एक और चहेते सिंगर अरमान मलिक ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और जो उन्होंने कहा है, वो उन तमाम अफवाहों पर पानी फेरने के लिए काफी है.
अरमान मलिक ने किया बचाव
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान जब अरमान मलिक से अरिजीत के इस फैसले के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बहुत ही संजीदगी से जवाब दिया. अरमान ने साफ कहा कि इंडस्ट्री में हर जगह की तरह चुनौतियां जरूर होती हैं, लेकिन अरिजीत का फैसला किसी कड़वाहट या दबाव का नतीजा नहीं है.
अरमान कहते हैं, “मैं अरिजीत को अपने बड़े भाई जैसा मानता हूं. हम अमाल (मलिक) के स्टूडियो में घंटों साथ रहे हैं, जहाँ उन्होंने कई हिट गाने रिकॉर्ड किए. मैं उन सेशन्स का गवाह रहा हूं. मैं दावे से कह सकता हूँ कि उनका यह फैसला किसी ‘टॉक्सिक कल्चर’ की वजह से नहीं है.” अरमान ने आगे जोड़ते हुए कहा कि उनके अपने करियर में भी उन्हें कभी ऐसी किसी नफरत या बुरे माहौल का सामना नहीं करना पड़ा.
‘एक खूबसूरत मोड़ पर विदा ले रहे हैं अरिजीत’- अरमान
अरमान मलिक का मानना है कि हमें अरिजीत के फैसले का सम्मान करना चाहिए न कि मनगढ़ंत कहानियां बनानी चाहिए. उन्होंने कहा कि पिछले 10-12 सालों में अरिजीत ने इस इंडस्ट्री को जो दिया है, वो मिसाल है. उन्होंने हमें वो गाने दिए हैं जो हमारी यादों का हिस्सा बन चुके हैं. अरमान के मुताबिक, “अरिजीत एक ऐसे मुकाम पर हैं जहाँ से वो अपनी मर्जी के मालिक हैं. अगर उन्होंने हटने का फैसला किया है, तो वो एक बहुत ही शानदार नोट पर विदा ले रहे हैं. इसे पॉजिटिव तरीके से देखा जाना चाहिए.”
क्या अब कभी नहीं सुनाई देगी अरिजीत की आवाज?
अरिजीत सिंह ने जो कहा है, उसे थोड़ा बारीकी से समझने की जरूरत है. उन्होंने संगीत (Music) नहीं छोड़ा है, सिर्फ ‘प्लेबैक सिंगिंग’ से दूरी बनाई है. इसका मतलब है कि वो अब फिल्मों की भागदौड़ और स्टूडियो के बंधे-बधाए नियमों से हटकर अपने स्वतंत्र प्रोजेक्ट्स, एल्बम और शायद लाइव कॉन्सर्ट्स पर ध्यान देंगे.
ये भी पढ़ें: ‘बिग बॉस’ के बाद एक्स पर भावुक हुए अमाल मलिक, कहा- उन्हें बहुत दुख हुआ है…
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



