फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच का विवाद एक बार फिर चर्चा में है. इस बार अभिनेता सलमान खान के साथ काम कर चुकीं अभिनेत्री डेजी शाह ने अपना अनुभव साझा किया है. उन्होंने बताया कि फिल्मों में कदम रखने से पहले उन्हें एक ऑडिशन का अवसर मिला था. उस दौरान एक साउथ का निर्देशक मुंबई आया हुआ था और कई अभिनेत्रियों के स्क्रीन टेस्ट ले रहा था.
डेजी शाह को भी उसी दौरान ऑडिशन के लिए बुलाया गया था, लेकिन वहां मौजूद फिल्ममेकर के व्यवहार ने उन्हें बेहद असहज कर दिया. उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके लिए काफी परेशान करने वाला रहा. एक्ट्रेस ने ‘फ्री प्रेस जर्नल’ को दिए इंटरव्यू में इस पूरे मामले पर खुलकर बात की.
एक्ट्रेस ने किया खुलासा
डेजी ने बताया कि, ‘मेरा साउथ के एक फिल्ममेकर के साथ बहुत बुरा एक्सपीरियंस हुआ था. वो मुंबई कास्टिंग के लिए आए थे. हम 6-7 लड़कियां उनसे मिलने गई थीं. वो हम सबसे अलग-अलग मिल रहे थे. लेकिन मुझे अच्छा नहीं लगा क्योंकि उन्होंने मुझे छुआ और मेरा हाथ पकड़कर रखा.’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘मैं हमेशा से लोगों के छूने से डरती रही हूं. इसी वजह से मैं मसाज नहीं करवाती, क्योंकि मुझे छुआ जाना पसंद नहीं है, फिर चाहे वो औरत ही क्यों ना हो. आदमी के छूने की बात तो अलग ही है. तो वो वाली घटना मुझे और भी ज्यादा खराब लगी. मैंने उससे बस इतना कहा था कि मैं आपको बाद में बताऊंगी. लेकिन मैंने कभी वापस उन्हें कॉन्टैक्ट नहीं किया. उस घटना ने मुझे ये सिखा दिया कि आगे से किसी से भी अकेले में नहीं मिलना है.’
ये भी पढ़ें: सलमान खान की ‘मातृभूमि’ थिएटर में नहीं होगी रिलीज? अफवाहों से फैंस का टूटा दिल
डेजी शाह ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत सलमान खान की फिल्म जय हो से की थी. इसके बाद वह कई प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनीं, लेकिन इंडस्ट्री में मजबूत पहचान बनाने में कामयाब नहीं हो सकीं. उन्होंने करीब 7-8 फिल्मों में काम किया, हालांकि इनमें से कोई भी उन्हें वैसी सफलता नहीं दिला पाया जिसकी उन्हें उम्मीद थी. अब वह जल्द ही पलाश मुच्छल की अगली फिल्म में नजर आएंगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

