Dhanush Box Office Collection
Dhanush Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड’ का दबदबा देखने को मिल रहा है. फिल्म ने महज 16 दिनों में देशभर में 880 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि वर्ल्डवाइड कमाई 1574 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है. हालांकि, शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई धनुष, ममूटी और साई पल्लवी स्टारर ‘O.M: ऑपरेशन मोल’ ने ओपनिंग डे पर ऐसा प्रदर्शन किया कि सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. फिल्म ने पहले दिन की कमाई के मामले में ‘रामायण’ को पीछे छोड़ दिया. इतना ही नहीं, इसने धनुष के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.
‘रामायण’ की कमाई 1574 करोड़ के पार
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है. सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 16वें दिन देशभर में 15,497 शोज से 16.30 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसमें हिंदी वर्जन का सबसे बड़ा योगदान रहा, जिसने 12 करोड़ रुपये कमाए. वहीं मलयालम में 1.75 करोड़, तमिल में 1.10 करोड़, कन्नड़ में 1 करोड़ और तेलुगु में 45 लाख रुपये का कारोबार हुआ. इस तरह फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 880.05 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 1051.60 करोड़ रुपये हो गया है. फिल्म ने पहले हफ्ते में 564.60 करोड़ रुपये और दूसरे हफ्ते में 299.15 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया था. भाषा के हिसाब से देखें तो हिंदी में फिल्म की कमाई 669.50 करोड़ रुपये पहुंच गई है. कन्नड़ से 71.15 करोड़, तेलुगु से 54.85 करोड़, मलयालम से 42.30 करोड़ और तमिल से 42.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ है.
विदेशों में भी ‘रामायण’ का जलवा
देश के साथ विदेशी बाजारों में भी ‘रामायण’ शानदार प्रदर्शन कर रही है. 16वें दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में 8 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया. इसके साथ ही विदेशों में इसकी कुल कमाई 523 करोड़ रुपये हो गई है. भारत और विदेशों की कमाई मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1574.60 करोड़ रुपये पहुंच गया है. अब फिल्म की नजर ‘पुष्पा 2’ के लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन पर है. अल्लू अर्जुन की इस फिल्म ने दुनियाभर में 1742.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. ऐसे में ‘रामायण’ को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए करीब 168 करोड़ रुपये और कमाने होंगे.
धनुष की ‘O.M: ऑपरेशन मोल’ ने रचा इतिहास
शुक्रवार को रिलीज हुई निर्देशक राजकुमार पेरियासामी की ‘O.M: ऑपरेशन मोल’ ने पहले ही दिन शानदार शुरुआत की है. फिल्म ने भारत में 17.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसमें तमिल वर्जन से 13.35 करोड़, तेलुगु से 4 करोड़ और हिंदी से 35 लाख रुपये की कमाई हुई. फिल्म का घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 20.55 करोड़ रुपये रहा, जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई 31.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. इस प्रदर्शन के साथ फिल्म ने धनुष की पिछली फिल्मों ‘कारा’, ‘रायन’, ‘कुबेरा’ और ‘तेरे इश्क में’ के ओपनिंग डे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. इससे पहले धनुष की हिंदी फिल्म ‘तेरे इश्क में’ ने पहले दिन 16 करोड़ रुपये कमाए थे. वहीं ‘कुबेरा’ ने 14.75 करोड़ और ‘रायन’ ने 13.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था.
2026 की तीसरी सबसे बड़ी कॉलीवुड ओपनर बनी फिल्म
‘O.M: ऑपरेशन मोल’ साल 2026 में कॉलीवुड की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है. इस साल की सबसे बड़ी ओपनर ‘जेलर 2’ है, जिसने पहले दिन 43.35 करोड़ रुपये कमाए थे. दूसरे नंबर पर ‘जना नायकन’ 38.20 करोड़ रुपये के साथ है. वहीं ‘सीन’ ने 16.15 करोड़ और ‘करुप्पु’ ने 13.10 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी.
साई पल्लवी की दो फिल्मों में हुई टक्कर
शुक्रवार का बॉक्स ऑफिस मुकाबला इसलिए भी दिलचस्प रहा क्योंकि साई पल्लवी की दो फिल्में एक साथ सिनेमाघरों में मौजूद हैं. ‘रामायण’ में वह माता सीता की भूमिका निभा रही हैं, जबकि ‘O.M: ऑपरेशन मोल’ में आईपीएस अधिकारी के किरदार में नजर आ रही हैं. तमिल भाषा में बनी ‘O.M’ की रिलीज का असर ‘रामायण’ के तमिल कलेक्शन पर भी देखने को मिला. रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को तमिल बाजार में करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ.
बॉलीवुड की तीन नई फिल्मों का निराशाजनक प्रदर्शन
शुक्रवार को ‘O.M: ऑपरेशन मोल’ के साथ बॉलीवुड की तीन फिल्में ‘काली खेती’, ‘नन्हे दिल’ और ‘पार्टी एनिमल्स’ भी रिलीज हुईं. हालांकि, इन फिल्मों को दर्शकों का खास रिस्पॉन्स नहीं मिला. जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की ‘काली खेती’ को तारीफें जरूर मिल रही हैं, लेकिन पहले दिन इसने महज 19 लाख रुपये कमाए. वहीं ‘नन्हे दिल’ का कलेक्शन 9 लाख और ‘पार्टी एनिमल्स’ का कारोबार सिर्फ 5 लाख रुपये रहा.
कुल मिलाकर शुक्रवार का बॉक्स ऑफिस धनुष की ‘O.M: ऑपरेशन मोल’ के नाम रहा. जहां ‘रामायण’ लंबी रेस में लगातार नए रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है, वहीं धनुष की फिल्म ने ओपनिंग डे पर अपनी ताकत दिखा दी है. अब देखना दिलचस्प होगा कि वीकेंड पर दोनों फिल्मों की कमाई किस रफ्तार से आगे बढ़ती है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





