Bharat Express DD Free Dish

गोविंदा का फर्जी खबरों पर ‘कड़ा वार’! ₹100 करोड़ की धमकी, AI-डीपफेक वालों को चेतावनी

Govinda Fake News Case: अभिनेता गोविंदा ने परिवार से जुड़ी कथित फर्जी और भ्रामक खबरों के खिलाफ पब्लिक नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है. नोटिस में AI से बने कंटेंट, डीपफेक, मॉर्फ्ड इमेज और निजी जानकारी के गलत इस्तेमाल पर ₹100 करोड़ तक के मानहानि दावे की बात कही गई है.

Govinda Fake News Case

फोटो क्रेडिट- भारत एक्सप्रेस

Govinda Fake News Case: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने अपने और परिवार से जुड़ी कथित फर्जी और भ्रामक खबरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. अभिनेता की ओर से जारी पब्लिक नोटिस में कंटेंट क्रिएटर्स, सोशल मीडिया यूजर्स, डिजिटल प्लेटफॉर्म और मीडिया संस्थानों को चेतावनी दी गई है कि उनके परिवार से जुड़ी गलत जानकारी, AI से तैयार कंटेंट या डीपफेक को प्रसारित करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.

AI और डीपफेक कंटेंट पर खास नजर

गोविंदा की ओर से जारी नोटिस में AI से बनाई गई तस्वीरों, वीडियो और ऑडियो के अलावा मॉर्फ्ड इमेज और डीपफेक कंटेंट का भी जिक्र किया गया है. नोटिस के मुताबिक, अभिनेता ने अपनी आवाज, तस्वीर, पहचान या निजी और पारिवारिक जानकारी को डिजिटल तकनीक के जरिए बदलने, तैयार करने या इस्तेमाल करने की अनुमति किसी को नहीं दी है. नोटिस में यह भी कहा गया है कि गलत कंटेंट फैलाने वालों के खिलाफ मानहानि, निजता के उल्लंघन, पहचान के गलत इस्तेमाल और साइबर अपराध से जुड़े कानूनों के तहत कार्रवाई की जा सकती है.

₹100 करोड़ तक के मानहानि केस की चेतावनी

गोविंदा ने कथित तौर पर आपत्तिजनक और भ्रामक कंटेंट जारी रखने वालों के खिलाफ ₹100 करोड़ तक के मानहानि दावे की चेतावनी दी है. इसके अलावा नोटिस में यह भी कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर अदालत से आरोपियों के बैंक अकाउंट फ्रीज करने, संपत्ति के लेन-देन पर रोक लगाने और पासपोर्ट से जुड़े प्रतिबंध लगाने जैसे कदमों की मांग की जा सकती है. नोटिस में भारतीय न्याय संहिता, 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत उपलब्ध कानूनी प्रावधानों का भी हवाला दिया गया है.

यह भी पढ़ें: ‘हनुमान अंश’ की टीम पहुंची कनॉट प्लेस के प्राचीन हनुमान मंदिर, भजन-कीर्तन के बीच हुई आध्यात्मिक चर्चा

सुनीता आहूजा के बयान के बाद बढ़ा विवाद

गोविंदा का यह कदम ऐसे समय सामने आया है, जब उनकी पत्नी सुनीता आहूजा और राखी सावंत के बीच हुई बातचीत सोशल मीडिया पर चर्चा में आई. बातचीत में सुनीता ने कथित तौर पर अपने तलाक से जुड़े फैसले और गोविंदा के साथ अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार को लेकर कुछ दावे किए थे. इस बातचीत के बाद गोविंदा और कोमल रानी की कथित शादी की चर्चा सोशल मीडिया पर तेज हो गई. हालांकि, गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने इन दावों का खंडन करते हुए कहा था कि अभिनेता दूसरी शादी जैसा कोई कदम नहीं उठाएंगे.

परिवार की निजी जिंदगी को लेकर बढ़ी सतर्कता

फिलहाल गोविंदा की ओर से जारी नोटिस के बाद यह साफ है कि अभिनेता अपने नाम और परिवार से जुड़ी डिजिटल सामग्री को लेकर कानूनी रास्ता अपनाने के मूड में हैं. वहीं, सुनीता आहूजा की तरफ से इस नोटिस पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच अब नजर इस बात पर है कि आगे इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई होती है या नहीं.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read