Urdu Conclave 2026

Box Office Report: कम बजट की फिल्म ने मचाया तहलका, 300 करोड़ पार; जानें मिर्जापुर मूवी और हैवान का हाल

Hanuman Ansh Box Office Collection: महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड बनाया. वहीं ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 200 करोड़ के करीब पहुंच गई है, जबकि अक्षय-सैफ की ‘हैवान’ की कमाई लगातार गिर रही है.

Hanuman Ansh Box Office Collection

Hanuman Ansh Box Office Collection- bharat express

 Hanuman Ansh Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर इस समय फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है. महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने अपनी कमाई से ट्रेड पंडितों को चौंका दिया है. नीम करोली बाबा की जिंदगी से प्रेरित इस भक्ति-प्रधान फिल्म ने दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. खास बात यह है कि फिल्म की शुरुआत बेहद धीमी रही थी, लेकिन दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल आया.

41वें दिन भी ‘हनुमान अंश’ की रफ्तार बरकरार

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ में शोबिनाव सत्या मुख्य भूमिका में हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 41वें दिन भारत में करीब 6 करोड़ रुपये नेट कमाए. इसके साथ ही घरेलू नेट कलेक्शन बढ़कर 237.13 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि भारत में ग्रॉस कलेक्शन करीब 280 करोड़ रुपये पहुंच गया. विदेशी बाजार में भी फिल्म का प्रदर्शन जारी है. 41वें दिन फिल्म ने करीब 1.75 करोड़ रुपये का विदेशी ग्रॉस कलेक्शन किया. इसका कुल विदेशी ग्रॉस कलेक्शन 20.25 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 300.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.

‘धुरंधर’ से चार गुना ज्यादा टिकट बिक्री

‘हनुमान अंश’ की लोकप्रियता का अंदाजा उसके टिकट बिक्री के आंकड़ों से भी लगाया जा सकता है. रिलीज के छठे वीकेंड में फिल्म ने BookMyShow पर 11.7 लाख से ज्यादा टिकट बेचे. इसी अवधि में ‘धुरंधर’ की टिकट बिक्री करीब 2.8 लाख रही. यानी टिकट बिक्री के मामले में ‘हनुमान अंश’ ने ‘धुरंधर’ से चार गुना से ज्यादा का अंतर बनाया. खास बात यह है कि छठे सप्ताह में भी फिल्म की ऐसी पकड़ बनी हुई है, जबकि सिनेमाघरों में कई नई और चर्चित फिल्में मौजूद हैं.

क्या है ‘हनुमान अंश’ की कहानी?

फिल्म की कहानी लक्ष्मी नारायण नाम के एक व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है. मां की मौत के बाद वह गहरे दुख में चले जाते हैं और जीवन के सवालों के जवाब तलाशने के लिए आध्यात्मिक यात्रा पर निकल पड़ते हैं. उत्तर भारत की यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात संत परंपरा और आध्यात्मिक विचारों से होती है. आगे चलकर यही यात्रा उन्हें नीम करोली बाबा के रूप में पहचान दिलाती है. फिल्म में प्रेम, सेवा और करुणा जैसे विषयों को प्रमुखता दी गई है.

यह भी पढ़ें: श्रीदेवी की 2.70 एकड़ जमीन पर फिर मचा बवाल, बोनी कपूर-जाह्नवी-खुशी को SC का नोटिस

‘मिर्जापुर: द मूवी’ भी 200 करोड़ के करीब

दूसरी ओर, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन कर रही है. 4 सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने 13 दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 199.45 करोड़ रुपये नेट कमा लिए हैं. बुधवार को फिल्म की कमाई 3.75 करोड़ रुपये रही और 6991 शो में करीब 15 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई. फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई करीब 286.64 करोड़ रुपये बताई जा रही है. रिलीज के दौरान फिल्म को शुरुआती दिनों में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था.

‘हैवान’ की कमाई में लगातार गिरावट

वहीं अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्टारर ‘हैवान’ बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है. रिलीज के छठे दिन फिल्म ने अब तक की सबसे कम कमाई दर्ज की और बुधवार को सिर्फ 55 लाख रुपये का कलेक्शन किया. फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन अब करीब 9.30 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड कलेक्शन लगभग 14.36 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर फिलहाल ‘हनुमान अंश’ की सफलता सबसे ज्यादा चर्चा में है, जबकि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ भी अपनी रफ्तार बनाए हुए है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read