Bharat Express DD Free Dish

स्वामी गोविंद देव गिरी ने की ‘हनुमान अंश’ की तारीफ, अनुप्रिया नागर ने ‘भारत एक्सप्रेस’ को दिया श्रेय

सनातन की गूंज और ‘हनुमान अंश’ का जलवा लगातार बढ़ रहा है. दिल्ली में श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास की बैठक में स्वामी गोविंद देव गिरी ने किया निर्माता अनुप्रिया नागर का सम्मान किया. इस दौरान अनुप्रिया ने ऑफिशियल मीडिया और पब्लिसिटी पार्टनर बनने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क और CMD उपेंद्र राय का आभार जताया.

hanuman-ansh-producer-anupriya-honored-by-govind-dev-giri-said-thanks-bharat-express-cmd-upendrra-rai

दिल्ली में श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास की एक बेहद महत्वपूर्ण और उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष/महासचिव स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज ने की. बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर के विकास, सुरक्षा और सनातन से जुड़े कई अहम विषयों पर गंभीर मंथन हुआ. सबसे खास बात की इस बैठक में ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘हनुमान अंश’ निर्माता अनुप्रिया नागर का अभिनंदन किया गया. इस दौरान उन्होंने ऑफिशियल मीडिया और पब्लिसिटी पार्टनर बनने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क और CMD उपेंद्र राय का सपोर्ट के लिए आभार जताया.

‘हनुमान अंश’ के लिए 21 वर्षीय युवा निर्माता अनुप्रिया नागर के अभिनंदन के साथ सनातन संस्कृति और हनुमान भक्ति की अलख जगाने वाली इस फिल्म की अभूतपूर्व सफलता को देखते हुए संतों ने मंच पर उनके माता-पिता और दादी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया.

‘बॉलीवुड को पाठ पढ़ाया है- स्वामी गोविंद देव गिरी

फिल्म ‘हनुमान अंश’ की आसमानी सफलता और देश के बदलते माहौल पर स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज ने बॉलीवुड को आईना दिखाते हुए बेहद बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि बॉलीवुड के लोगों को भी अचंभित करने वाली और पाठ पढ़ाने वाली अत्यंत बड़ी कृति पूरे देश की प्यारी बिटिया अनुप्रिया ने करके दिखाई है.

इतना ही नहीं उन्होंने आगे कहा कि भारत का मूल हमारे अध्यात्म और सनातन का प्रतीक है. धैर्य और हनुमान जी की अटूट भक्ति से अनुप्रिया ने यह यश पाया है. उन्होंने यह भी साझा किया कि देश में हनुमान जी के और अधिक मंदिर बनने चाहिए.

हर मोर्चे पर फिल्म ने गाड़े सफलता के झंडे

चाहे करोड़ों दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाना हो, लोगों की आस्था और धार्मिक भावनाओं को जगाना हो या फिर बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई करनी हो फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने हर मोर्चे पर सफलता अर्जित की है. यह फिल्म नई पीढ़ी तक हनुमान भक्ति, अध्यात्म और सनातन की भावना को पहुंचाने में पूरी तरह सफल रही है.

इस ऐतिहासिक सफलता पर भावुक होते हुए निर्माता अनुप्रिया नागर ने अपनी यात्रा को याद किया और कहा कि मैंने भी अपनी फिल्म की नैया हनुमानजी और बाबा नीम करोली के भरोसे डाल दी थी. यह मूवी नई जनरेशन के लिए बनाई है और मैंने कभी फायदे या मुनाफे की बात नहीं सोची. अपनी पूरी जमा-पूंजी मैंने सिर्फ नई पीढ़ी को सनातन की दिशा से जोड़ने की कोशिश में लगा दी थी.

साथ खड़ा रहा ‘भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क’

इस खास मौके पर अनुप्रिया नागर ने मंच से भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क और इसके सीएमडी उपेंद्र राय का विशेष रूप से आभार जताया. अनुप्रिया ने उन संघर्ष के दिनों को याद किया जब फिल्म बनकर तैयार थी, लेकिन पब्लिसिटी और मार्केटिंग के मोर्चे पर मेनस्ट्रीम मीडिया का कोई सपोर्ट नहीं मिल पा रहा था.

वैसे कठिन वक्त में भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क पहले दिन से ही फिल्म का ऑफिशियल मीडिया और पब्लिसिटी पार्टनर बना. चैनल के सीएमडी उपेंद्र राय ने बाबा नीम करोली के जीवन पर आधारित इस फिल्म के प्रचार-प्रसार के लिए अपने पूरे नेटवर्क का भरपूर उपयोग किया. फिल्म के प्रति अपनी गहरी आस्था दिखाते हुए चैनल के सीएमडी उपेंद्र राय दिल्ली के PVR सिनेमा में आयोजित स्पेशल स्क्रीनिंग के मौके पर सपरिवार पहुंचे थे और फिल्म की सराहना की थी.

ट्रस्ट के साथियों ने दी बधाई

श्रीकृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट की इस बैठक में न्यास के प्रबंध न्यासी अनुराग डालमिया और श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा भी उपस्थित रहे, जिन्होंने फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read