NEET प्रोटेस्ट से वायरल हुईं रिया अहीर बिग बॉस 20 से हुई बाहर
Riya Ahir Bigg Boss 20: NEET प्रोटेस्ट के दौरान अचानक सुर्खियों में आईं रिया अहीर (Riya Ahir) एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनका कोई बयान या सोशल मीडिया पोस्ट नहीं, बल्कि टीवी का सबसे चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस है. रिया को लेकर लंबे समय से खबरें थीं कि वह बिग बॉस 20 में नजर आने वाली हैं. लेकिन शो में उनकी एंट्री का सफर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. रिया बिग बॉस के घर तक पहुंचने से पहले ही बाहर हो गईं.
NEET प्रोटेस्ट ने बदल दी किस्मत
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रिया अहीर को असली पहचान NEET प्रोटेस्ट के दौरान मिली थी. मुंबई में छात्रों के प्रदर्शन के बीच उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. वीडियो में रिया ने छात्रों से भरी पुलिस वैन को बीच सड़क पर रोक दिया था. इस घटना के बाद वह देखते ही देखते सोशल मीडिया पर छा गईं.
इसके बाद रिया को कई डिबेट्स और मीडिया कार्यक्रमों में देखा गया. उन्हें युवाओं और खासकर Gen-Z की आवाज के तौर पर भी पेश किया गया. एक वक्त ऐसा आया जब वह सोशल मीडिया पर काफी चर्चित चेहरा बन गईं. इसी लोकप्रियता के बीच उन्हें बिग बॉस 20 में आने का मौका मिला.
लव गिल से मुकाबला, जनता ने चुना दूसरा नाम
शो में एंट्री के लिए रिया अहीर और पंजाबी कलाकार लव गिल के बीच मुकाबला कराया गया. दोनों के बीच वोटिंग रखी गई और फैसला दर्शकों पर छोड़ दिया गया. 6 सितंबर को सामने आए नतीजे में जनता ने लव गिल को चुना.
इसका मतलब यह रहा कि रिया को बिग बॉस के घर में जाने का मौका नहीं मिला. वह सलमान खान के साथ मंच पर नजर आईं, लव गिल के साथ बहस और नोकझोंक भी हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्हें शो से बाहर होना पड़ा. सोशल मीडिया पर कई लोग इसे रिया के लिए महज दो मिनट की शोहरत बता रहे हैं.
ये भी पढ़ें: ‘बिग बॉस 20’ के घर में एंट्री से पहले ही हंगामा; जानिए सलमान खान ने किस बात पर कहा- ‘अंडों पर मत लड़ना’
क्या आगे फिर मिलेगा मौका?
रिया पहले ही साफ कर चुकी थीं कि वह बिग बॉस में पैसों और अपना खर्च चलाने के लिए शामिल होना चाहती हैं. हालांकि, उनकी NEET प्रोटेस्ट वाली पहचान को लेकर कुछ लोगों ने सवाल भी उठाए. आरोप लगाया गया कि शो में जाने के लिए उन्होंने छात्रों का समर्थन करने का दिखावा किया था. रिया ने इन आरोपों को खारिज किया.
अब रिया के प्रशंसकों को उम्मीद है कि यह बिग बॉस का अंत नहीं, बल्कि उनके लिए एक नई शुरुआत हो सकती है. देखना होगा कि आने वाले दिनों में मेकर्स उन्हें फिर कोई मौका देते हैं या नहीं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



