Khesari Lal Yadav Ravi Kishan controversy: भोजपुरी सिनेमा के दो बड़े सितारे खेसारी लाल यादव और पवन सिंह के बीच लंबे समय से रिश्ते ठीक नहीं चल रहे हैं. दोनों अक्सर एक-दूसरे पर तंज कसने का मौका नहीं छोड़ते. इसी बीच मामला तब और गरम हो गया जब अभिनेता और सांसद रवि किशन ने भी खेसारी पर टिप्पणी कर दी.
रवि किशन ने क्या कहा था?
गोरखपुर में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान रवि किशन और पवन सिंह मंच पर साथ दिखे. इस दौरान रवि किशन ने बिना नाम लिए खेसारी पर कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि कुछ लोग समय के साथ अपना रंग बदल लेते हैं. थोड़ी बहुत सफलता मिलने पर उनका व्यवहार बदल जाता है. रवि किशन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि पहले पैर छूते थे, फिर घुटना छूने लगे और आगे का हम नहीं बताएंगे. इस पर मंच पर मौजूद पवन सिंह भी हंस पड़े. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ.
खेसारी का पलटवार
रवि किशन की इस टिप्पणी पर खेसारी लाल यादव ने भी चुप्पी तोड़ दी. गोरखपुर में ही आयोजित अपने कार्यक्रम में उन्होंने बिना नाम लिए रवि किशन और पवन सिंह दोनों को जवाब दिया. खेसारी ने मंच पर पैरों और घुटनों की ओर इशारा करते हुए कहा कि पहले यहां (पैर) छूता था, अब यहां (घुटना) छूता है, आगे का नहीं पता.
‘सम्मान करने वाला एक भाई है’
खेसारी ने आगे कहा कि शुक्र मनाइए कि कम से कम आपका सम्मान करने वाला एक भाई है. आजकल तो बेटा भी अपने पिता के पैर नहीं छूता. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें जन्म देने वाले का नाम श्री मंगरू यादव है, इसलिए कोई और उनका पिता बनने की कोशिश न करे. खेसारी ने यह भी कहा कि उतना ही बोलना चाहिए जितना सामने वाला सह सके.
सोशल मीडिया पर चर्चा
खेसारी का यह वीडियो इंटरनेट पर खूब देखा जा रहा है. उन्होंने जिस तरह संयमित भाषा में जवाब दिया, वह लोगों को काफी पसंद आया. फैंस उनके संस्कार और शालीनता की तारीफ कर रहे हैं. इस पूरे मामले ने भोजपुरी इंडस्ट्री में एक बार फिर से खेसारी और पवन सिंह की अनबन को सुर्खियों में ला दिया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



