‘भारत कुमार’ के नाम से मशहूर दिग्गज एक्टर मनोज कुमार का शुक्रवार को निधन हो गया. उन्होंने बॉलीवुड में देशभक्ति की फिल्मों से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी. उनके निधन के बाद उनसे जुड़ें किस्से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. ऐसा ही एक किस्सा है जब बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान को मांफी मांगनी पड़ी थी.
वैसे तो भारत कुमार स्वभाव से शांत थे लेकिन शाहरुख की एक फिल्म की वजह से उनका गुस्सा सातवें आसमान पर चला गया है. इसको लेकर उन्होंने 1-2 करोड़ नहीं बल्कि 100 करोड़ का मानहानि का मुकदमा दायर कर दिया था. आइए बताते हैं क्या था पूरा मामला?
शाहरुख खान से क्यों खफा हुए थे मनोज कुमार?
वक्त था साल 2007 का जब सिनेमाघरों में फिल्म ओम शांति ओम ने धूम मचा रखी थी. इस फिल्म में मनोज कुमार के आइकॉनिक अंदाज की पैरोडी की गई थी. इतना ही नहीं फिल्म में उनकी तरह चेहरे पर हाथ रखने वाले सिग्नेचर स्टाइल का भी मजाक उड़ाया गया था. ये बात उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आई और वह बहुत नाराज हुए. फिल्म में उनके स्टाइल को कॉपी करने के लिए फिल्म के लीड एक्टर शाहरुख खान और डायरेक्टर फराह खान के खिलाफ मनोज कुमार ने 100 करोड़ का मानहानि का मुकदमा कर दिया.
शाहरुख ने मांगी थी माफी, लेकिन फिर भड़के मनोज कुमार
फिर क्या था मामला तेजी से मीडिया में सुर्खियां बटोरने लगा मामले में तूल पकड़ता देख शाहरुख खान ने मनोज कुमार से माफी मांग ली. उन्होंने केवल माफ़ी ही नहीं मांगी बल्कि वादा किया कि फिल्म से यह सीन काट दिया जाएगा. उनकी माफ़ी और आश्वासन से संतुष्ट होकर मनोज कुमार ने आगे कोई एक्शन नहीं किया, लेकिन विवाद तब दोबारा भड़का, जब ओम शांति ओम को जापान में रिलीज किया गया. तब फिल्म में वह सीन दोबारा नजर आया था.
“मैं धोखा खा गया,” बोले थे मनोज कुमार
जब उन्हें इस धोखे का पता चला, तो उन्होंने नाराजगी जताई. एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, “मुझे दुख हुआ कि मेरे साथ धोखा हुआ. मैंने उन पर भरोसा किया, लेकिन उन्होंने सीन हटाने का झूठा दावा किया. मेरा मजाक उड़ाने वालों को सजा मिलनी चाहिए. मैं उन्हें सबक सिखाऊंगा.”
यह विवाद लंबे समय तक सुर्खियों में बना रहा. बाद में मनोज कुमार ने अपनी शिकायत वापस ले ली थी. समय के साथ फराह खान ने भी उनसे अपने रिश्ते सुधार लिए थे. हालांकि, उनके निधन के बाद इस विवाद की चर्चा दोबारा होने लगी है.
ये भी पढ़ें: Manoj Kumar ने लाल बहादुर शास्त्री के कहने पर बनाई थी ‘उपकार’, इस तरह मिला उन्हें भारत कुमार नाम
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



