अपकमिंग फिल्म ‘केडी’ का गाना ‘सरके चुनर’ को लेकर इन दिनों विवाद तेज हो गया है. हाल ही में अलीगढ़ की एक प्रमुख धार्मिक संस्था ‘मुस्लिम पर्सनल दारुल इफ्ता’ ने इस गाने को लेकर अभिनेत्री नोरा फतेही के खिलाफ फतवा जारी किया है. संस्था का कहना है कि गाने के बोल और प्रस्तुतिकरण अश्लील हैं और इस्लामी शिक्षाओं के अनुसार ऐसे कंटेंट में शामिल होना हराम है.
एएनआई के अनुसार, दारुल इफ्ता ने स्पष्ट किया कि ‘सरके चुनर तेरी सरके’ जैसे गाने नैतिक और धार्मिक दृष्टि से उचित नहीं माना जाता है. उनका कहना है कि इस तरह के गाने में हिस्सा लेना चाहे किसी का धर्म या बैकग्राउंड कुछ भी हो, वह नैतिकता और धार्मिक सिद्धांतों के खिलाफ है.
आलोचना और कार्रवाई भी शुरू
दारुल इफ्ता ने यह भी बताया कि इस गाने को लेकर सोशल मीडिया और विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर पहले ही आलोचना शुरू हो चुकी है. कई लोग इसे अश्लील मान रहे हैं और इसे सार्वजनिक रूप से साझा करने पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. ऐसे में अधिकारियों ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और यह देख रहे हैं कि नियमों के तहत क्या कदम उठाए जा सकते हैं.
विवाद पर क्या बोलीं नोरा फतेही?
एक्ट्रेस नोरा फतेही ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि,
“तीन साल पहले मैंने इस गाने को कन्नड़ भाषा में शूट किया था. मैंने यह गाना इसलिए किया क्योंकि यह एक बड़ी फिल्म थी और इसमें बड़े अभिनेता संजय दत्त हैं. मुझे फिल्म मेकर्स पर भी काफी भरोसा था, इसलिए मैं इस गाने को करने के लिए राजी हो गई. जब मैंने यह गाना शूट किया तो मुझे बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि यह इतना भद्दा है, लेकिन जब मैंने इसको हिंदी में सुना तो मुझे समझ में आया कि यह बेहद भद्दा है.”
इस वीडियो को शेयर करते हुए नोरा ने कैप्शन में लिखा, ‘मैं बिल्कुल नहीं चाहती कि कोई यह सोचे कि मैं इस चीज का समर्थन करती हूं. जो भी विरोध हुआ है, उसके लिए मैं धन्यवाद देना चाहती हूं, क्योंकि इसी दबाव की वजह से फिल्म मेकर्स ने आखिरकार उस गाने को हटा दिया.’
सोशल मीडिया पर यह मुद्दा तेजी से वायरल हो रहा है. एक तरफ लोग कलाकारों की आज़ादी और कला की सीमा की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ धार्मिक और नैतिक दृष्टिकोण से इसे अनुचित मानने वाले भी सक्रिय हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे विवाद अक्सर कला और समाज के बीच के टकराव को उजागर करते हैं.
ये भी पढ़ें: अश्लील बोल और भद्दे विजुअल्स के बाद YouTube से हटाया गया नोरा फतेही का ‘सरके चुनर’ गाना
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




