Nushrratt Bharuccha viral post
Nushrratt Bharuccha viral video: आईपीएल 2026 फाइनल के बाद बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा (Nushrratt Bharuccha) अचानक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गईं. आरसीबी की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाते हुए उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था, लेकिन वीडियो से ज्यादा लोगों का ध्यान उसमें सुनाई दे रही आवाजों पर चला गया. देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे. बढ़ते विवाद के बीच नुसरत ने वीडियो डिलीट कर दिया, जिसके बाद अफवाहों का दौर और तेज हो गया. अब अभिनेत्री ने खुद सामने आकर पूरे मामले की सच्चाई बताई है और ट्रोल करने वालों को करारा जवाब दिया है.
नुसरत ने लगाई ट्रोलर्स की क्लास
एक्ट्रेस नुसरत भरूचा ने अपने इंस्टग्राम पर स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, ‘मैं ये पोस्ट दोबारा शेयर कर रही हूं क्योंकि मैं भी जानना चाहती हूं कि मेरे पपी की आवाज को लेकर इतना बड़ा बवाल आखिर क्यों मचा दिया गया है? कुछ लोगों ने तो हद ही कर दी है. एक छोटे से पपी के रोने की आवाज को लेकर इतना विवाद खड़ा कर दिया गया और ऊपर से किसी ने मेरी तरफ से फर्जी सफाई भी जारी कर दी. तो अब आपको पूरी सच्चाई बता देती हूं… मैं अपने दोस्तों के घर पर बैठकर मैच देख रही थी. उसी बीच उनके घर का छोटा पपी रो रहा था और वही आवाजें सुनाई दे रही थीं. ये वीडियो मेरे दोस्त ने उसी समय दूसरे एंगल से रिकॉर्ड किया था, जिसमें वही आवाजें साफ सुनाई दे रही हैं.’
नुसरत भरूचा ने आगे लिखा, “ये वही घर है जहां मैं मैच देख रही थी. ये वही पपी है और ये उसी रात का कुछ देर बाद का वीडियो है. मुझे पहले से ही डर था कि कहीं वही न हो जाए जो अब हो रहा है. इसलिए मुझे सलाह दी गई थी कि मैं वह वीडियो डिलीट कर दूं और मैंने ऐसा ही किया. दोस्तों, अपनी बेवजह की कल्पनाओं और अफवाहों पर लगाम लगाइए. सिर्फ मोबाइल फोन होना किसी को भी किसी को परेशान करने या उसके बारे में गलत बातें फैलाने का अधिकार नहीं देता. किसी भी चीज का गलत मतलब मत निकालिए और न ही बिना सोचे-समझे दूसरों की बातों पर भरोसा कीजिए. जिम्मेदारी से सोचिए और समझदारी से व्यवहार कीजिए.”
मनोज बाजपेयी के साथ है यह फिल्म
वर्कफ्रंट की बात करें तो नुसरत भरूचा इन दिनों अपने कई बड़े प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं. जल्द ही वह हॉरर फिल्म ‘छोरी 2’ में नजर आएंगी, जिसका निर्देशन विशाल फुरिया कर रहे हैं. इसके अलावा उनके पास ‘बन टिक्की’ भी है, जिसे मनीष मल्होत्रा के प्रोडक्शन हाउस के तहत बनाया जा रहा है. इस फिल्म में उनके साथ जीनत अमान और अभय देओल भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.
ये भी पढ़ें: ‘काला हिरण’ फिल्म पर बड़ा बवाल, प्रोड्यूसर ने कैमरे पर फाड़ा सलमान खान का लीगल नोटिस; देखें VIDEO
नुसरत जल्द ही अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ में भी नजर आने वाली हैं. हालांकि, हाल ही में इसके टाइटल को लेकर विवाद सामने आया था, जिसके चलते फिल्म का नाम बदले जाने की चर्चा है. फिलहाल अभिनेत्री अपने काम पर पूरा ध्यान दे रही हैं और उनकी आने वाली फिल्मों का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



