Urdu Conclave 2026

बिग बी के पैर छूने पर भड़का खालिस्तानी गैंग, दिलजीत के ऑस्ट्रेलिया कॉन्सर्ट को रोकने की चेतावनी, कही ये बात

खालिस्तानी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस ने दिलजीत दोसांझ के एक नवंबर को ऑस्ट्रेलिया में होने वाले कॉन्सर्ट को बंद करने की धमकी दी है.

Diljit Dosanjh & Amitabh Bachchan

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) के एक नवंबर को ऑस्ट्रेलिया में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. खालिस्तानी आतंकी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) ने इस कार्यक्रम को बंद करवाने की धमकी दी है. वजह है, एक नवंबर को अकाल तख्त साहिब द्वारा घोषित ‘सिख नरसंहार स्मरण दिवस’. SFJ का कहना है कि इस दिन किसी भी तरह का जश्न या प्रदर्शन सिख समुदाय की भावनाओं के खिलाफ है.

बिग बी के पैर छूने पर भड़का संगठन

SFJ की नाराजगी की असली वजह दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) का अमिताभ बच्चन के पैर छूना है. हाल ही में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के एक एपिसोड में दिलजीत बच्चन के पैर छूते और उन्हें गले लगाते नजर आए. SFJ का आरोप है कि 1984 के सिख नरसंहार के दौरान अमिताभ बच्चन ने ‘खून का बदला खून’ जैसे नारे देकर भीड़ को उकसाया था. संगठन के जनरल काउंसल गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कहा कि दिलजीत का यह व्यवहार पीड़ितों के साथ विश्वासघात है.

अकाल तख्त को लिखा गया पत्र

SFJ ने जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज को पत्र लिखकर मांग की है कि दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) को 2010 के तख्त फरमान के तहत अपने कार्यों की सफाई देने के लिए बुलाया जाए. संगठन ने याद दिलाया कि 10 जुलाई 2010 को अकाल तख्त ने 1984 की घटनाओं को दंगा नहीं बल्कि नरसंहार घोषित किया था और एक नवंबर को हर साल ‘नरसंहार स्मरण दिवस’ के रूप में मनाने का निर्देश दिया था.

ऑस्ट्रेलिया में रैली की तैयारी

SFJ ने एक नवंबर को ऑस्ट्रेलिया में दिलजीत (Diljit Dosanjh) के कॉन्सर्ट स्थल के बाहर रैली आयोजित करने की योजना बनाई है. संगठन ने सभी सिख संस्थानों, कलाकारों और दर्शकों से अपील की है कि वे ऐसे आयोजनों का बहिष्कार करें जो नरसंहार से जुड़े लोगों को मंच देते हैं.

“स्मृति बिकाऊ नहीं होती”

इसी कड़ी में SFJ ने कहा,

“हम कभी भी हत्यारों के प्रतीकों को पीड़ितों की स्मृति के साथ एक ही मंच साझा करने की अनुमति नहीं देंगे.स्मृति बिकाऊ नहीं होती और नरसंहार को तालियों के लिए सामान्य नहीं किया जा सकता.”

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read