विद्युत जामवाल का हैरान करने वाला कारनामा
अपने दमदार एक्शन और खतरनाक स्टंट के लिए मशहूर विद्युत जामवाल अब हॉलीवुड में धमाल मचाने जा रहे हैं. वह जल्द ही हॉलीवुड की अपकमिंग एक्शन फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ में दिखाई देंगे. फिल्म को लेकर हाल ही में एक इवेंट रखा गया था, जहां विद्युत ने कुछ ऐसा कर दिया जिसे देखकर वहां मौजूद हर शख्स हैरान रह गया. दरअसल इस इवेंट में विद्युत ने करीब 15 मिनट तक अपनी सांस रोककर रखी और लगभग 20 मिनट तक बिना पलक झपकाए बैठे रहे. उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की इवेंट की झलकियां, फैंस कर रहे तारीफ
विद्युत जामवाल ने खुद इस इवेंट की कुछ झलकियां अपने इंस्टाग्राम की स्टोरी पर शेयर की हैं. इसके अलावा सोशल मीडिया पर उनका वह वीडियो भी खूब चल रहा है जिसमें वह सांस रोकने वाला स्टंट करते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो को देखने के बाद यूजर्स लगातार उनकी तारीफ कर रहे हैं और कमेंट सेक्शन में जमकर रिएक्शन दे रहे हैं. लोगों का कहना है कि ऐसा करना हर किसी के बस की बात नहीं है.
यूजर्स ने क्या कहा?
विद्युत के इस स्टंट को देखकर फैंस काफी इम्प्रेस हुए हैं. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि आप ही बॉलीवुड के रियल हीरो हो. बॉलीवुड आपके लिए नहीं बना है, आप और आगे जाओ. वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि सर आपको दिल से सैल्यूट है. कई लोगों ने तो हैरानी जताते हुए लिखा कि हम तो यकीन ही नहीं कर पा रहे हैं कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है लेकिन आपके लिए बहुत सम्मान है.
यंग जनरेशन को दिया खास मैसेज
इसी इवेंट के दौरान विद्युत जामवाल ने आज की यंग जनरेशन के लिए भी एक बहुत जरूरी सलाह दी. अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने कहा कि मैं जहां भी जाता हूं, लोग मुझसे कहते हैं कि इंस्पायर करो. मैं अपनी यंगर जनरेशन से एक ही बात कहना चाहता हूं कि सच में कभी-कभी रुक जाया करो, मतलब थोड़ा ठहर जाया करो. अब आप लोग कहोगे कि हमें तो रुकना ही नहीं आता क्योंकि हम एक जगह पर टिक ही नहीं पाते. हम देख रहे हैं कि हर कोई भाग रहा है, सबको कुछ न कुछ करना है, लेकिन असल में कुछ भी करने की जरूरत नहीं है. एक बार बस थम जाओ, एक बार रुक जाओ, किसी भी स्किल को सीखने के लिए यही सबसे ज्यादा जरूरी है.
योग और मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग ने बनाया फिट और मजबूत
आपको बता दें कि विद्युत जामवाल काफी लंबे समय से योग और मार्शल आर्ट्स की प्रैक्टिस कर रहे हैं. उनकी यही सालों की ट्रेनिंग उनकी फिटनेस और उनके एक्शन सीन्स में साफ तौर पर दिखाई देती है. इस इवेंट में विद्युत ने अपने हॉलीवुड प्रोजेक्ट ‘स्ट्रीट फाइटर’ में अपने किरदार धलसिम को लेकर भी कई बातें बताईं. उन्होंने बताया कि बचपन में उनका मन वीडियो गेम्स में ज्यादा नहीं लगता था, बल्कि वह ज्यादा समय खेलने-कूदने और फिजिकल एक्सरसाइज में बिताते थे.
बचपन की फिटनेस वाली आदतों ने पहुंचाया इस मुकाम तक
विद्युत का मानना है कि बचपन से ही खेलों और फिटनेस में उनकी जो रुचि रही है, उसी ने आज उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है. उन्होंने कहा कि ‘स्ट्रीट फाइटर’ जैसी फिल्म के किरदार के लिए उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी तैयारी की है. यह रोल उनके लिए सिर्फ एक फिल्म का कैरेक्टर नहीं है, बल्कि वह लंबे वक्त से खुद को ऐसे ही रोल के लिए तैयार करते आ रहे हैं.
‘धलसिम के लुक के लिए नहीं मुंडवाना पड़ा सिर’
इस फिल्म में काम करने का एक्सपीरियंस शेयर करते हुए विद्युत ने बताया कि उन्हें इस प्रोजेक्ट में WWE के कई बड़े रेसलर्स और इंटरनेशनल सिनेमा के बड़े स्टार्स के साथ काम करने का मौका मिला है. उन्होंने बताया कि फिल्म के डायरेक्टर ने उनका पिछला काम देखने के बाद ही उन्हें धलसिम के किरदार के लिए फाइनल किया था. इस किरदार के लुक को लेकर एक वक्त पर उनके सामने सिर मुंडवाने का ऑप्शन भी रखा गया था. लेकिन बाद में मेकर्स ने बेहतरीन प्रोस्थेटिक्स का इस्तेमाल करके उनका लुक तैयार कर दिया, जिसकी वजह से उन्हें अपना सिर नहीं मुंडवाना पड़ा.
ये भी पढ़ें-‘शर्म से लाल हुए ‘तेजू भैया’…’, राखी सावंत ने दुल्हन बन किया रोमांस; ‘राइज एंड फॉल 2’ का VIDEO वायरल
16 अक्टूबर 2026 को भारत में रिलीज होगी ‘स्ट्रीट फाइटर’
विद्युत जामवाल की यह हॉलीवुड फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ भारत में 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाली है. यह फिल्म सिर्फ अंग्रेजी में ही नहीं बल्कि हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज की जाएगी. इस फिल्म में विद्युत के अलावा नोआ सेंटिनियो, एंड्रयू कोजी, कैलिना लियांग, रोमन रेंस यानी जो अनोआई, डेविड डेस्टमालचियन, कोडी रोड्स, एरिक आंद्रे, एंड्रयू शुल्ज और जेसन मोमोआ जैसे बड़े कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आएंगे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


