War 2 Teaser Out: जूनियर एनटीआर के 42वें जन्मदिन पर फिल्म ‘वॉर 2’ का बहुप्रतीक्षित टीजर आखिरकार दर्शकों के सामने आ गया है. यह टीजर मंगलवार को मेकर्स द्वारा जारी किया गया, जिसमें ऋतिक रोशन और साउथ के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर एक्शन अवतार में दिखाई दे रहे हैं. 1 मिनट 34 सेकेंड का यह टीजर जबरदस्त एक्शन और थ्रिल से भरा हुआ है, जिसे देखकर दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ गई है.
टीजर की शुरुआत जूनियर एनटीआर की दमदार आवाज से होती है, जहां वे ऋतिक रोशन के किरदार ‘कबीर’ को चैलेंज करते हैं. वो कबीर को भारत का सबसे बेहतरीन सोल्जर और रॉ का टॉप एजेंट बताते हुए उसे वॉर के लिए तैयार होने को कहते हैं. इसके बाद एक्शन सीन्स की झड़ी लग जाती है – फॉर्मूला वन रेसिंग, ट्रेन पर हाई-ऑक्टेन फाइट्स और प्लेन के अंदर खतरनाक स्टंट्स, सबकुछ इस टीजर में दिखाया गया है.
एनटीआर की दमदार बॉलीवुड एंट्री
टीजर में इस्तांबुल और एक बर्फीले लोकेशन की भी झलक मिलती है, जो फिल्म के इंटरनेशनल स्केल को दर्शाती है. खास बात यह है कि टीजर में ऋतिक का कोई डायलॉग नहीं है, लेकिन उनका लुक और एक्शन सबकुछ कह जाता है.
View this post on Instagram
‘वॉर 2’ के जरिए जूनियर एनटीआर बॉलीवुड में कदम रख रहे हैं और उन्होंने अपने डेब्यू के लिए बिल्कुल सही फिल्म चुनी है. विलेन के किरदार में नजर आ रहे एनटीआर अपने लुक और एक्शन से सबका ध्यान खींचते हैं. उन्होंने इस किरदार के लिए जबरदस्त बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन किया है और उनकी नई हेयरस्टाइल भी काफी चर्चा में है.
ऋतिक रोशन का नया कबीर लुक
ऋतिक रोशन एक बार फिर एजेंट कबीर के रूप में लौटे हैं, लेकिन इस बार उनका अंदाज पहले से भी ज्यादा स्टाइलिश और इंटेंस है. ‘वॉर’ के मुकाबले इस बार एक्शन का स्तर और भी ऊंचा है. टीजर में उनका फेस-ऑफ जूनियर एनटीआर के साथ दर्शकों को रोमांचित करता है.
कियारा आडवाणी का ग्लैमरस तड़का
इस फिल्म में कियारा आडवाणी भी अहम भूमिका में नजर आने वाली हैं. हालांकि, टीजर में उनकी मौजूदगी सीमित रही – सिर्फ दो सीन में दिखीं. एक सीन में उनका ग्लैमरस अंदाज दिखाई देता है, जबकि दूसरा सीन संभवतः किसी गाने से जुड़ा है. फिल्म में उनका रोल कितना महत्वपूर्ण है, यह तो पूरी फिल्म देखने के बाद ही पता चलेगा.
वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा
‘वॉर 2’, यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की अगली कड़ी है. इसे अयान मुखर्जी ने निर्देशित किया है और आदित्य चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया है. 2019 में आई ‘वॉर’ में ऋतिक और टाइगर श्रॉफ की जोड़ी ने तहलका मचाया था, और अब सीक्वल में ऋतिक के साथ जूनियर एनटीआर की टक्कर देखने को मिलेगी.
यह फिल्म हिंदी के साथ-साथ तमिल और तेलुगु में भी रिलीज होगी और 14 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
ये भी पढ़ें: Cannes 2025: मौनी रॉय ने रेड कार्पेट पर बिखेरा हुस्न का जलवा, एक्ट्रेस का हॉट लुक देख फैंस के उड़े होश
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


