Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

उधमपुर में बड़ा हादसा: सीआरपीएफ जवानों को लेकर जा रही गाड़ी खाई में गिरी, 2 जवानों शहीद

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बड़ा हादसा हुआ है. सीआरपीएफ जवानों को लेकर जा रही एक बस खाई में गिर गई. गाड़ी में कई जवान सवार थे. 

CRPF

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का बंकर व्हीकल दुर्घटनाग्रस्त हुआ है. इस हादसे में कम से कम दो जवानों की जान गई है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं. सीआरपीएफ (CRPF) ने इस हादसे की पुष्टि की है. फिलहाल, राहत और बचाव कार्य जारी है.

CRPF जवानों को लेकर जा रहा बंकर व्हीकल

सीआरपीएफ ने जानकारी दी कि ऑपरेशन समाप्त होने के बाद 187 बटालियन का बंकर व्हीकल 18 जवानों को लेकर कदवा से बसंतगढ़ जा रहा था. इसी बीच उधमपुर जिले के बसंतगढ़ तहसील के लोधरा में व्हीकल दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया. यह दुर्घटना गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे हुई, जिसमें व्हीकल में मौजूद सभी CRPF जवानों को चोटें आईं. सभी घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में पहुंचाया गया. दो सीआरपीएफ जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनकी बाद में मृत्यु हो गई.

केंद्रीय मंत्री ने एक्स पर किया पोस्ट

हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने लिखा, “कंडवा-बसंतगढ़ क्षेत्र में सीआरपीएफ के एक वाहन के साथ हुई सड़क दुर्घटना की खबर सुनकर व्यथित हूं. वाहन में सीआरपीएफ (CRPF) के कई बहादुर जवान सवार थे. मैंने अभी-अभी डीसी सलोनी राय से बात की है, जो व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रही हैं और मुझे जानकारी दे रही हैं. बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं. स्थानीय लोग स्वेच्छा से मदद के लिए आगे आए हैं. हर संभव मदद सुनिश्चित की जा रही है.”

यह भी पढ़ें- “डॉ. स्वामीनाथन ने बायो-हैप्पीनेस का विचार दिया, उसी का हम आज जश्न मना रहे हैं”, हरित क्रांति के जनक की जयंती पर बोले पीएम मोदी

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है. उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “उधमपुर के निकट एक दुर्घटना में सीआरपीएफ कर्मियों की मृत्यु से दुखी हूं. हम राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. वरिष्ठ अधिकारियों को सर्वोत्तम संभव देखभाल और सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.”

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital