आज का मौसम
Weather Today: देश के कई हिस्सों में मानसून की रफ्तार भले ही थोड़ी कमजोर पड़ती दिख रही हो, लेकिन बारिश का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है. मौसम विभाग (IMD) ने 18 सितंबर को दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र समेत 16 राज्यों में बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में तेज बारिश के साथ हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
मौसम खराब होने की स्थिति में लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है. पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और अचानक तेज बारिश का खतरा बना रह सकता है. वहीं, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है. ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए भी सावधानी बरतने की जरूरत है.
इन 16 राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD के अनुमान के मुताबिक, आज दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, झारखंड, पंजाब, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश हो सकती है.कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें और आंधी चलने की संभावना है.
दिल्ली-NCR में आंधी के साथ बारिश
दिल्ली में 18 सितंबर को तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बिहार और यूपी में भी मौसम बदलेगा
बिहार के पटना, गया, भोजपुर, मधुबनी, बक्सर, दरभंगा, अररिया, भागलपुर, वैशाली, सिवान, सुपौल, पूर्णिया, मुंगेर और बेगूसराय में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट है. पटना में तापमान 33 डिग्री तक जा सकता है. उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मथुरा, प्रयागराज, गोरखपुर, आगरा, मेरठ, झांसी, इटावा और रायबरेली में आंधी-बारिश की संभावना है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रह सकता है.
राजस्थान से झारखंड तक तेज हवाओं का असर
राजस्थान के कोटा, उदयपुर, बाड़मेर, जयपुर, अलवर, बारां, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा, भरतपुर और बूंदी में भारी बारिश का अलर्ट है. यहां हवा के झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.
मध्य प्रदेश के कई जिलों में 50-55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश के साथ तेज आंधी का खतरा है. झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, देवघर, हजारीबाग समेत कई जिलों में भारी बारिश और तूफानी हवाओं की चेतावनी दी गई है.
ये भी पढ़ें: 18 सितंबर को वोटिंग, 19 को नतीजे! डूसू चुनाव के लिए ABVP और NSUI ने उतारे सूरमा, कैंपस में सियासी पारा हाई
महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में भी कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिम बंगाल में कोलकाता, हावड़ा, कूचबिहार, जलपाइगुड़ी और अन्य जिलों में भारी बारिश और आंधी की संभावना है. ऐसे मौसम में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली चमकने के दौरान पेड़ या खुले मैदान के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

