दिल्ली एयरपोर्ट पर अभिजीत दिपके का विरोध
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ता अभिजीत दिपके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दावा किया जा रहा है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर सवाल किए और नाराजगी जाहिर की. वीडियो में कुछ लोग उनसे कहते हुए सुनाई देते हैं, ‘देश को क्यों खराब कर रहा है भाई?’
वीडियो में लगे ‘चोर-चोर’ के नारे
वायरल क्लिप में एक दूसरे दृश्य में कुछ लोग ‘चोर-चोर’ के नारे लगाते भी दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, वीडियो में नजर आ रहे उन लोगों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है, जिन्होंने दिपके का विरोध किया. इसके बावजूद यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है.
CJP कार्यकर्ताओं की हिरासत के बाद बढ़ा विवाद
यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब CJP के तीन कार्यकर्ताओं सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने को लेकर विवाद चल रहा है. इस मामले ने राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में बहस को और तेज कर दिया है.
जंतर-मंतर में प्रवेश की कोशिश का आरोप
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मंगलवार को CJP कार्यकर्ताओं को उस समय हिरासत में लिया गया था जब वे कथित तौर पर बैरिकेडिंग पार कर जंतर-मंतर क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर अब अधिसूचित प्रदर्शन स्थल नहीं है और वहां किसी भी प्रकार के धरने या प्रदर्शन की अनुमति नहीं है.
तिरंगा फहराने की अपील
घटना के बाद अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए लोगों से 16 अक्टूबर शाम 5 बजे कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क पहुंचने की अपील की. उन्होंने लोगों से तिरंगा लेकर आने और राष्ट्रीय ध्वज फहराने में भाग लेने का आह्वान किया. दिपके ने अपने संदेश में देशभक्त नागरिकों और तिरंगे का सम्मान करने वाले लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही. उनकी इस अपील के बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया.
साथियों की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल
अभिजीत दिपके का आरोप है कि सौरव दास और आशुतोष रांका को केवल तिरंगा फहराने की वजह से जेल भेजा गया है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की शान है और उसे फहराना किसी भी तरह का अपराध नहीं माना जा सकता. उन्होंने उन लोगों से भी अपील की जो दिल्ली नहीं पहुंच सकते, कि वे अपने-अपने शहरों में तिरंगा मार्च निकालकर समर्थन जताएं.
ये भी पढ़ें-अंकिता भंडारी केस पर सियासत तेज, इंडिया गेट से माता-पिता समेत कई लोग हिरासत में; कांग्रेस ने सरकार को घेरा
‘जेल जाने का डर नहीं’
दिपके ने साफ कहा कि उन्हें जेल जाने की कोई चिंता नहीं है और वे हर हाल में तिरंगा फहराएंगे. CJP कार्यकर्ताओं की हिरासत, जंतर-मंतर से जुड़े नियमों और तिरंगा कार्यक्रम की अपील के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. फिलहाल इस पूरे विवाद को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



