प्लेन हादसे को प्रत्यक्षदर्शियों ने बयां की आंखों देखी.
Ahmedabad Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद विमान हादसा (Plane Crash) रोंगटे खड़े करने वाला था. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले हमें आसमान में काला धुआं दिखा, तो लगा कि कहीं आग लगी होगी. इसके बाद पता चला कि एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया. विमान में बहुत से लोग सवार थे. ऐसे में किसी का बच पाना मुश्किल था.
घटनास्थल से महज दो किलोमीटर दूर रहने वाले जयराम रमेश ने बताया कि प्लेन क्रैश के बारे में आसपास के लोगों को जैसे ही जानकारी मिली, तो सभी सहम गए. हमें बताया गया कि एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया. कोई भी बच नहीं पाएगा.
तुरंत शुरू किया गया राहत-बचाव कार्य
जयराम बताते हैं, “प्लेन क्रैश के बारे में जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. यह हादसा बहुत ही भयावह था. फिर मैं सुबह यहां (घटनास्थल) आया. मैंने सोचा कि एक बार यहां पर जाकर देखूं. लेकिन, यहां पर फिलहाल बड़ी संख्या में पुलिस सहित अन्य अधिकारी मौजूद हैं, जो पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. यहां अभी किसी भी आम नागरिक को जाने की इजाजत नहीं है.”
प्रत्यक्षदर्शी राकेश मिश्रा ने भी प्लेन क्रैश के बारे में बताया. उन्होंने कहा, “पूरा प्लेन आग के गोले में तब्दील हो चुका था. मंजर देखकर लग रहा था कि किसी का भी बच पाना मुश्किल ही है. आसपास के लोग भी कुछ भी करने की स्थिति में नहीं थे, क्योंकि यह प्लेन आग के गोले में बदल चुका था. ऐसी स्थिति में कुछ भी नहीं किया जा सकता था.”
वे बताते हैं कि हादसे के बारे में जानकारी मिलने के बाद फौरन पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच चुकी थी. लेकिन, कुछ भी नहीं किया जा सकता था, क्योंकि तब तक बहुत बड़ा हादसा हो चुका था. हमें इस बात का बहुत दुख है.
Plane Crash को बताया ब्लैक डे
घटनास्थल से महज 500 मीटर दूर रहने वाले प्रत्यक्षदर्शी सूरज भाई बताते हैं कि हमें जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी. इसके बाद हम सभी घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद पुलिस सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. लेकिन, कुछ कर पाना मुश्किल था. अभी घटनास्थल से शवों को निकालने की प्रक्रिया जारी है. बोले, “मेरी 54 साल की उम्र है. मैं अपनी जिंदगी में कभी ऐसा हादसा नहीं देखा था. यह हमारे लिए ब्लैक डे के जैसा है. जिसे हमें अपनी जिंदगी में कभी नहीं भूल पाएंगे.”
बता दें कि गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एयर इंडिया का विमान टेकऑफ के दौरान क्रैश हो गया था. इस विमान में 242 लोग सवार थे. इनमें से 241 लोगों की मौत की पुष्टि एयर इंडिया की तरफ से की जा चुकी है और एक शख्स बच गया है, जिसका अभी अस्पताल में उपचार चल रहा है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



