Bharat Express DD Free Dish

“सीमांचल के साथ इंसाफ करें तो नीतीश सरकार को देंगे सहयोग”… ओवैसी ने नीतीश सरकार को दिया प्रस्ताव

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन औवेसी ने अमौर की जनसभा में कहा कि उनकी पार्टी नीतीश कुमार सरकार को सहयोग करने के लिए तैयार है, बशर्ते सीमांचल के साथ न्याय किया जाए.

Owaisi Support Nitish Kumar: बिहार के अमौर में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रस्ताव दिया. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी नीतीश सरकार को सहयोग करने के लिए तैयार है लेकिन शर्त यह है कि सीमांचल के साथ न्याय होना चाहिए. ओवैसी ने कहा कि पार्टी अगले छह महीने में सभी पांच विधायकों के लिए कार्यालय खोलेगी. वहां विधायक हफ्ते में दो दिन बैठकर लोगों से बातचीत करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि वे खुद हर छह महीने में सीमांचल जाने की कोशिश करेंगे.

नई सरकार को बधाई

ओवैसी ने बिहार की नई सरकार को बधाई दी और कहा कि वे सहयोग करने को तैयार हैं. साथ ही उन्होंने महागठबंधन और NDA पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ नेता बिहार के जनादेश को गलत ठहरा रहे हैं. ओवैसी ने साफ कहा कि उनकी पार्टी नहीं चाहती थी कि NDA जीते लेकिन जनता का फैसला यही है और इसे सम्मानपूर्वक स्वीकार करना होगा.

महागठबंधन को आत्ममंथन की सलाह

ओवैसी ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि NDA 200 सीटों का आंकड़ा पार कर लेगा. उन्होंने महागठबंधन को सलाह दी कि वे आत्ममंथन करें और बार-बार उन्हें जिम्मेदार ठहराने का राग अलापना बंद करें. उनका कहना था कि अगर नीतीश कुमार सच में बिहार में विकास करना चाहते हैं तो सीमांचल के साथ इंसाफ करना होगा.

ये भी पढ़ें-पाकिस्तान की नापाक हरकतों का पर्दाफाश, दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस-बंबिहा गैंग को सप्लाई किए जाने वाले हथियार किए जब्त

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में NDA ने 202 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया. BJP ने 89 और JDU ने 84 सीटें जीतीं. नीतीश कुमार ने 26 मंत्रियों के साथ शपथ लेकर 10वीं बार मुख्यमंत्री पद संभाला और विभागों का बंटवारा भी कर दिया. AIMIM प्रमुख का यह बयान नई सरकार के लिए राजनीतिक संकेत माना जा रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read